Publish Date: Sun, 23 Jun 2024 (12:58 IST)
Updated Date: Sun, 23 Jun 2024 (13:11 IST)
इंदौर। मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में बदमाशों ने भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के नगर उपाध्यक्ष मोनू कल्याणे की गोली मारकर हत्या कर दी। मोनू आज सुबह भगवा यात्रा निकालने वाले थे। पुलिस को संदेह है कि वर्चस्व को लेकर पुरानी रंजिश में इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया। हत्या के बाद मोनू के घर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
दिग्गज भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय के समर्थन मोनू कल्याणे को जेल रोड स्थित गणेश मंडल सभागृह के सामने गोली मारी गई। मोनू को गोली लगने के बाद उनके दोस्त नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। यह पता नहीं चल सका है कि हत्या क्यों की गई।
जेल रोड स्थित उषा फाटक के रहने वाले मोनू कल्याणे रविवार सुबह भगवा वाहन रैली निकालने वाले थी। इसके लिए वह चौराहे पर देर रात बैनर-पोस्टर लगवा रहे थे। इसी दौरान 2 बाइक सवाल उनके पास आए और मोबाइल नंबर मांगा।
मोनू के जैसे ही अपना मोबाइल निकाला, बदमाशों ने पिस्टल निकाल कर उनके सीने पर गोली मार दी। बदमाशों ने बैनर लगवा रहे मोनू के साथी पर भी फायर किया और भाग निकले।
आरोपियों की पहचान अर्जुन और पीयूष के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हत्यारे मोनू के पड़ोस में ही रहते हैं। मोनू की हत्या के बाद उनके समर्थकों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने एक आरोपी के मकान में आग लगा दी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए क्राइम ब्रांच सहित अलग-अलग टीम बनाई गई है।
Edited by :Nrapendra Gupta