Publish Date: Sun, 09 Jun 2024 (22:24 IST)
Updated Date: Sun, 09 Jun 2024 (22:29 IST)
Indore BJP office fire : जावरा कंपाउंड स्थित भाजपा कार्यालय में रविवार रात को आग लग गई। आग इतनी अधिक फैल गई की उसकी लपटें दूर से ही नजर आने लगी। मीडिया खबरों के मुताबिक भाजपा कार्यालय की सबसे ऊपरी मंजिल पर जश्न मनाया जा रहा था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शपथ ग्रहण कार्यक्रम (PM Modi Oath) के लिए शहर के कई प्रमुख नेता यहां पर जुटे थे। जश्न के दौरान आतिशबाजी भी हुई। इसी से आग फैल गई।
तीसरी बार मोदी सरकार बनने पर नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे और महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने आतिशबाजी का आयोजन रखा था। इस दौरान चिंगारी कार्यालय के ऊपर की मंजिल में रखे पुराने सोफे पर गिरी और आग फैल गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया है।
घटना के चश्मदीदों ने बताया कि शहर के जावरा कम्पाउंड क्षेत्र में भाजपा के मुख्य कार्यालय की छत में पार्टी कार्यकर्ताओं की आतिशबाजी के दौरान आग लगी।
भाजपा के मीडिया विभाग के एक पदाधिकारी ने बताया कि आतिशबाजी के दौरान पार्टी कार्यालय की छत पर पड़े प्लाईवुड के टुकड़ों, पुराने सोफा, फर्नीचर और अन्य अनुपयोगी सामान में किसी पटाखे के कारण आग लगी। उन्होंने बताया कि आग पर दमकल विभाग की मदद से काबू पा लिया गया और इस घटना में कोई व्यक्ति हताहत नहीं हुआ। एजेंसियां