Publish Date: Tue, 26 Sep 2023 (12:04 IST)
Updated Date: Tue, 26 Sep 2023 (12:11 IST)
Hardoi news in hindi : उत्तर प्रदेश के जिले हरदोई में समाजवादी पार्टी के कार्यालय में स्थापित की गई पार्टी के दिवंगत संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की प्रतिमा को नगर पालिका परिषद के नोटिस के बाद हटा दिया गया।
सपा जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र यादव ने नगर पालिका परिसर के पास स्थित पार्टी कार्यालय में मुलायम सिंह की 6 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित करवाई थी।
बिना अनुमति के स्थापित की गई प्रतिमा का संज्ञान में लेते हुए नगर पालिका प्रशासन ने 23 सितंबर को जिलाध्यक्ष को नोटिस जारी कर इसे पार्टी कार्यालय पर चस्पा करा दिया और 24 घंटे में प्रतिमा हटाने के लिए कहा गया, अन्यथा कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
हालांकि, जिलाध्यक्ष ने इस मामले पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। लेकिन सपा के जिला उपाध्यक्ष अलंकार सिंह ने कहा कि पार्टी के सदस्यों ने 10 लाख रुपए इकट्ठा कर प्रतिमा बनवाई थी।
उन्होंने कहा कि प्रशासन ने हम पर दबाव बनाकर इसे हटवा दिया। नोटिस जारी होने के बाद हमने 23 सितंबर को ही प्रतिमा हटा दी।
नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी विनोद कुमार सोलंकी ने बताया कि नगर पालिका द्वारा आवंटित आठ दुकानों को मिलाकर सपा कार्यालय खोला गया है। बिना अनुमति के वहां हॉल और कमरे का निर्माण किया गया। बिना अनुमति के प्रतिमा लगाने का उनको कोई अधिकारी नहीं है। प्रतिमा को अब हटा दिया गया है। (भाषा)
webdunia
Publish Date: Tue, 26 Sep 2023 (12:04 IST)
Updated Date: Tue, 26 Sep 2023 (12:11 IST)