bus accident: हादसे में मारे गए यात्रियों के शव पोस्टमार्टम के बाद घर भेजे, बस पाई गई अनफिट

वेबदुनिया न्यूज डेस्क
गुरुवार, 11 जुलाई 2024 (16:27 IST)
Double decker bus accident: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दूध के कंटेनर और डबल डेकर बस हादसे (Double decker bus accident) में मारे गए सभी 18 यात्रियों के शव पोस्टमार्टम के बाद उनके घर रवाना कर दिए गए हैं। एक अधिकारी ने उन्नाव (यूपी) में इसकी जानकारी दी। उधर आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दूध के कंटेनर में पीछे से टक्कर मार कर दुर्घटनाग्रस्त हुई डबल डेकर के बारे में परिवहन विभाग के अधिकारियों के अनुसार यह बस परिचालन के लिए 'अनुपयुक्त' थी।
 
पुलिस ने घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और इसकी जांच शुरू कर दी है। बस के संचालक, स्वामी और ड्राइवर पर थाना बेहटा मुजावर में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। बुधवार को हुए इस हादसे में 18 लोगों की मौत हो गई थी तथा 19 अन्य घायल हो गए थे।

ALSO READ: आगरा एक्सप्रेस वे पर डबल डेकर बस की कंटेनर से टक्कर, 18 की मौत
 
उन्नाव के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. सत्यप्रकाश ने बताया कि बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे पोस्टमार्टम के बाद 15 शवों को प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई गई एम्बुलेंस से उनके पैतृक स्थान भेज दिया गया। सीएमओ ने बताया कि शेष 3 शवों का पोस्टमार्टम गुरुवार सुबह करीब 10 बजे पूरा हुआ। इन शवों को भी एम्बुलेंस से उनके पैतृक स्थान भेज दिया गया।
 
इस बीच सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) अरविंद सिंह ने बताया कि जो बस दुर्घटनाग्रस्त हुई है, वह संचालन के लिहाज से 'अनफिट' थी। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाग्रस्त बस मेसर्स के सी जैन ट्रैवल्स जोधपुर, राजस्थान की है जो उत्तर प्रदेश के महोबा जिले के मवई खुर्द स्थित पुष्पेन्द्र सिंह के पते पर पंजीकृत है। उक्त बस परिचालन के लिए अनुपयुक्त पाई गई। सिंह ने बताया इन सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर अनफिट बस का संचालन किया जाना इरादतन जानमाल का नुकसान करने का कृत्य है।
 
पुलिस सूत्रों के मुताबिक अरविंद सिंह की तहरीर पर वाहन के मालिक, बस चालक समेत 3 लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 233 (झूठे साक्ष्य का उपयोग करना), 106-1 (लापरवाही के कारण मौत), 125 (दूसरों के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालना) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले के जांच अधिकारी (आईओ) फूल सिंह ने कहा कि सबूत मिलने के बाद गिरफ्तारी की जाएगी।

ALSO READ: हरियाणा में बसपा संग चुनाव लड़ेगी इनेलो, अभय चौटाला CM फेस
 
अधिकारी ने बताया कि मृतकों में मेरठ के एक परिवार के 5 सदस्य शामिल हैं, जिनकी पहचान अशफाक (45), रूबी (40), गुलनाज (12), सुहैल (4), सोनू (32) तथा सोनी (28) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि इस घटना में बिहार के निवासी बस चालक अखलाक (49) और दूध कैंटर चालक रायबरेली के निवासी सुनील कुमार (35) की भी मौत हो गई है, 2 अन्य मृतकों की पहचान बिहार के दीपक कुमार (27) और बिहार के ही शिव दयाल (28) के रूप में हुई है।
 
शेष आठ की पहचान मुर्तजा (53), भरत राय (45), अनिल राय (41), हिमांशु (23) नौशाद (41), रामचंद्र साहनी (40) और शाहिद अली (45), सतेंद्र राय (30) के रूप में हुई। सभी मृतक उत्तर प्रदेश और बिहार के अलग-अलग जिलों के मूल निवासी हैं। उन्नाव के पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ शंकर मीणा ने बुधवार को बताया था कि बिहार से दिल्ली जा रही इस निजी बस में करीब 60 यात्री सवार थे, जो अलग अलग स्थानों से सवार हुए थे।
 
जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विवेक गुप्ता ने बताया कि हादसे में घायल हुए 16 लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में से 5 को गंभीर चोटें आने के कारण बुधवार को लखनऊ और कानपुर के ट्रॉमा सेंटर भेज दिया गया है।
 
गुप्ता ने बताया कि शेष 10 घायलों में से 5 की हालत में सुधार होने पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। अन्य 5 का अभी भी इलाज चल रहा है। सभी की हालत खतरे से बाहर है।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta

सम्बंधित जानकारी

Show comments

जरूर पढ़ें

Gold Rate : सस्ता हुआ सोना, कीमतों में 1200 से ज्यादा की गिरावट

भारत को चीन से कोई खतरा नहीं, Sam Pitroda के बयान से Congress का किनारा, BJP ने बताया गलवान के शहीदों का अपमान

Apple का सस्ता मोबाइल, iphone 15 से कम कीमत, मचा देगा तूफान, जानिए क्या होंगे फीचर्स

दिल्ली में आज क्‍यों आया भूकंप, वरिष्‍ठ वैज्ञानिक ने दिया यह जवाब

Vivo V50 price : दमदार AI फीचर्स, 50 MP कैमरा, वीवो का सस्ता स्मार्टफोन मचाने आया धमाल, जानिए फीचर्स

सभी देखें

नवीनतम

उत्तराखंड हाईकोर्ट का सवाल, लिव-इन का पंजीकरण गोपनीयता पर हमला कैसे?

कनाडा में रनवे पर पलटा विमान, 80 लोग थे सवार

LIVE: महाकुंभ में भगदड़ पर यूपी विधानसभा के बाहर सपा का प्रदर्शन

CEC पद पर ज्ञानेश कुमार की नियुक्ति से क्यों नाराज हैं कांग्रेस?

जेडी वैंसः यूरोप को चीन और रूस नहीं अपनी नीतियां से खतरा

अगला लेख
More