Publish Date: Friday, 30 January 2026 (17:42 IST)
Updated Date: Friday, 30 January 2026 (01:44 IST)
अयोध्या। उत्तर प्रदेश के सांस्कृतिक एवं पर्यटन मंत्री नीलकंठ ने अयोध्या में भव्य रामलीला का शुभारंभ किया। इस रामलीला में बॉलीवुड से जुड़े बड़े सितारे महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभा रहे हैं। पिछले बार अयोध्या की रामलीला को 16 करोड़ से भी ज्यादा दर्शकों ने दुनियाभर में देखा था।
मंत्री नीलकंठ ने कहा कि विश्व की सबसे बड़ी रामलीला का आयोजन प्रभु श्रीराम की जन्मभूमि पर 11 दिन तक चलेगा। उत्तरप्रदेश सरकार के संस्कृति मंत्रालय और अयोध्या शोध संस्थान के सहयोग से हो रही है यह अयोध्या की विश्व की सबसे बड़ी रामलीला का दूसरा संस्करण है।
प्रभु श्रीराम सब के दिल में बसते हैं, आत्मा में बसते हैं, सबके रोम-रोम में प्रभु श्रीराम है। मैं अयोध्या की रामलीला के अध्यक्ष सुभाष मलिक को बधाई देता हूं। उनकी मेहनत से अयोध्या की रामलीला विश्व की सबसे बड़ी रामलीला बनी।
चेयरमैन राकेश बिंदल जी ने बताया कि अयोध्या की रामलीला में सांसद व भोजपुरी स्टार मनोज तिवारी कई भूमिकाओं में नजर आएंगे और रवि किशन परशुराम की भूमिका में नजर आएंगे, बिन्दू दारासिंह हनुमान की भूमिका में नजर आएंगे। विश्व प्रसिद्ध गायिका व पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित मालिनी अवस्थी माता शबरी की भूमिका में नजर आएंगी। शाहबाज खान रावण के किरदार में नजर आएंगे, जबकि भाग्यश्री माता सीता का रोल निभाएंगी।
असरानी नारद मुनि, रजा मुराद कुंभकर्ण, शक्ति कपूर अहिरावण, अमिता नांगिया कैकेयी, कैप्टन राज माथुर भरत, राहुल बुच्चर प्रभु श्रीराम, राकेश बेदी बाली, अवतार गिल विभीषण के किरदार में नजर आएंगे। अयोध्या की रामलीला 6 से 15 अक्टूबर तक रोज शाम 7 बजे से लेकर 10 बजे तक दूरदर्शन द्वारा लक्ष्मण किला सरयू नदी तट के किनारे लाइव दिखाई जाएगी।