Publish Date: Tue, 09 Jan 2018 (00:04 IST)
Updated Date: Tue, 09 Jan 2018 (01:07 IST)
नई दिल्ली। दिल्ली सुलतांस के दो बार के ओलंपिक पदकधारी पहलवान सुशील कुमार मंगलवार से यहां के सिरी फोर्ट खेल परिसर में शुरू हो रहे पेशेवर कुश्ती लीग (पीडब्ल्यूएल) में मुंबई महारथी के खिलाफ अपना दमखम दिखाएंगे।
सुशील ने लंदन ओलंपिक 2012 में रजत और बीजिंग ओलंपिक 2008 में कांस्य पदक जीता था। 34 साल के इस खिलाड़ी ने अंतरराष्ट्रीय कुश्ती में शानदार वापसी की है। पिछले महीने उन्होंने राष्ट्रमंडल कुश्ती चैम्पियनशिप के 74 किग्रा वर्ग में स्वर्ण जीता था। वह अपनी फार्म को जारी रखते हुए पिछले सत्र में पांचवें स्थान पर रही टीम को शीर्ष पर लाना चाहेंगे।
टीम में सुशील का साथ 26 वर्षीय अलवारो अलसान देंगे, जिन्होंने पिछले साल छह अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं में तीन स्वर्ण सहित चार पदक जीते। इनके अलावा रियो ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता अजरबैजान हाजी अलीएव टीम का अहम हिस्सा है। पिछले साल उन्होंने पेरिस में हुए विश्व चैम्पियनशिप के 61 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम किया था।
दंगल फेम फोगाट बहनों में सबसे छोटी संगीता फोगट भी दिल्ली की ओर से रिंग में उतरेंगी। मुंबई की टीम का मुख्य आकर्षण रियो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली साक्षी मलिक के साथ ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता रूस के सोसलान रमोनोव है। टीम में यूक्रेन के आंद्रेई यात्सेनको भी है जिन्होंने पेरिस में 57 किग्रा में कांस्य पदक जीता था। पिछले सत्र में मुंबई की टीम तीसरे स्थान पर थी। (भाषा)