Publish Date: Fri, 04 Jan 2019 (23:55 IST)
Updated Date: Sat, 05 Jan 2019 (00:03 IST)
पुणे। रोहन बोपन्ना और दिविज शरण ने लगातार दूसरे मैच में पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए साइमन बोलेली और इवान डोडिज को हराकर टाटा ओपन महाराष्ट्र के फाइनल में प्रवेश कर लिया। शीर्ष वरीयता प्राप्त भारतीय जोड़ी ने इटली के बोलेली और क्रोएशिया के डोडिज पर 6-3, 3-6, 15-13 से जीत दर्ज की।
दोनों ने गुरुवार को लिएंडर पेस और मिगुल एंजेल रेएस वारेला के खिलाफ 6 मैच प्वॉइंट बचाकर जीत दर्ज की थी। इस बार दोनों का सामना ग्रैंडस्लैम विजेता जोड़ी से था और उन्होंने टेनिसप्रेमियों को निराश नहीं किया। बोलेली ने 2015 में फेबियो फोगनिनी के साथ ऑस्ट्रेलियाई ओपन युगल खिताब जीता था जबकि डोडिज ने उसी साल मार्शेलो मेलो के साथ फ्रेंच ओपन जीता।
बोपन्ना और शरण का एटीपी टूर पर साथ में यह पहला फाइनल होगा। अब उनका सामना ब्रिटेन के ल्यूक बामब्रिज और जानी ओ मारा की जोड़ी से होगा।