Publish Date: Friday, 30 January 2026 (17:42 IST)
Updated Date: Friday, 30 January 2026 (01:44 IST)
पेरिस। ग्रैंडस्लैम खिताबों के बेताज बादशाह स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर और उनके प्रबल प्रतिद्वंद्वी सर्बिया के नोवाक जोकोविच के बीच पेरिस मास्टर्स टेनिस टूर्नामेंट का सेमीफाइनल खेला जाएगा। फेडरर ने क्वार्टर फाइनल में जापान के केई निशिकोरी को 6-4, 6-4 से पराजित किया। स्विस मास्टर ने यह मुकाबला 1 घंटे 20 मिनट में जीता।
अपने 100वें एटीपी खिताब से मात्र 2 कदम दूर रह गए फेडरर को सेमीफाइनल में जोकोविच की चुनौती से जूझना होगा। फेडरर ने हाल में बासेल में अपना 99वां खिताब जीता था। फेडरर 2015 के बाद से पहली बार पेरिस मास्टर्स में खेल रहे हैं।
इस बीच जोकोविच ने 2 घंटे 12 मिनट तक चले संघर्षपूर्ण मुकाबले में क्रोएशिया के मारिन सिलिच को 4-6, 6-2, 6-3 से हराकर अंतिम 4 में जगह बनाई। जोकोविच ने पहला सेट 4-6 से हारने के बाद शानदार वापसी करते हुए अगले दोनों सेट जीत लिए। जोकोविच की सिलिच के खिलाफ यह 21वीं और लगातार दूसरी जीत है। जोकोविच इस टूर्नामेंट में 4 बार खिताब जीत चुके हैं।
फेडरर और जोकोविच के बीच यह 47वीं बार मुकाबला होगा लेकिन पिछले 33 महीनों में दोनों के बीच यह दूसरा मुकाबला होगा। जोकोवविच स्विस मास्टर के खिलाफ 24-22 का करियर रिकॉर्ड रखते हैं। जोकोविच ने फेडरर को गत 19 अगस्त को सिनसिनाटी फाइनल में 6-4, 6-4 से हराया था।
अन्य क्वार्टर फाइनल में वर्ल्ड नंबर 18 रूस के करेन खाचानोव ने चौथी वरीय जर्मनी के एलेक्जेंडर ज्वेरेव को 6-1, 6-2 से हराया। सेमीफाइनल में खाचानोव का मुकाबला ऑस्ट्रिया के डोमिनिक थिएम से होगा जिन्होंने अमेरिका के जैक सॉक को 4-6, 6-4, 6-4 से हराया। (वार्ता)