Publish Date: Sun, 11 Nov 2018 (14:59 IST)
Updated Date: Sun, 11 Nov 2018 (15:07 IST)
कोलकाता। दो बार के चैंपियन एटीके ने हीरो इंडियन सुपरलीग (आईएसएल) के 5वें सीजन के अपने 7वें लीग मुकाबले में एफसी पुणे सिटी को 1-0 से हरा दिया। विजेता टीम के लिए गेरसन विएरा ने विजयी गोल किया।
विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन में शनिवार को खेले गए इस मैच का एकमात्र गोल 82वें मिनट में हुआ। इस जीत के साथ एटीके ने न सिर्फ पुणे के खिलाफ अपना हार-जीत का रिकॉर्ड बेहतर किया बल्कि एक स्थान के फायदे के साथ 10 टीमों की तालिका में 7वें से 6ठे स्थान पर पहुंच गई। पुणे की टीम सीजन की 5वीं हार के बाद 10वें स्थान पर ही बनी हुई है। पुणे का अब तक जीत का खाता नहीं खुल सका है।
एटीके और पुणे के बीच आईएसएल में अब तक का यह 9वां मुकाबला था। इससे पहले के 8 मैचों में 5 बार पुणे की जीत हुई थी जबकि सिर्फ 1 बार एटीके को जीत मिली थी। 2 मुकाबले बराबरी पर छूटे थे। इस सीजन में घर में 5 मैचों में एटीके की यह दूसरी जीत है।
मैच में मेजबान टीम ने मार्सेलिन्हो जैसे स्टार की गैरमौजूदगी का फायदा उठाते हुए पुणे के गोलपोस्ट पर कई बार हमले किए लेकिन उसे सफलता नहीं मिली। पुणे को निश्चित तौर पर अपने सबसे बड़े स्टार मार्सेलिन्हो की कमी खली, जो लाल कार्ड दिखाए जाने के कारण 1 मैच के लिए निलंबित हैं।
खेल का पहला हॉफ गोलरहित बीता। 76वें मिनट में एटीके को कॉर्नर मिला और इस पर पोस्ट के ठीक सामने गेंद पर कई बार प्रहार हुए लेकिन गोल नहीं हो सका। 82वें मिनट में हालांकि विएरा ने गोल करते हुए एटीके को 1-0 से आगे कर दिया। इस गोल में लेंजारोते और जयेश राणे की भी भूमिका रही।
लेंजारोते के बैकहील पास पर जयेश ने चपलता दिखाते हुए गेंद को गोल की ओर उछाल दिया जिसे विएरा ने हेडर के जरिए गोल में डालते हुए मेजबान टीम को आगे कर पुणे को इस सीजन में 5वीं हार के लिए मजबूर किया।
webdunia
Publish Date: Sun, 11 Nov 2018 (14:59 IST)
Updated Date: Sun, 11 Nov 2018 (15:07 IST)