Publish Date: Mon, 10 Jun 2019 (22:14 IST)
Updated Date: Mon, 10 Jun 2019 (22:17 IST)
नई दिल्ली। वर्ष के दूसरे ग्रैंडस्लैम फ्रेंच ओपन की नई चैंपियन ऑस्ट्रेलिया की एश्ले बार्टी सोमवार को जारी ताजा विश्व रैंकिंग में नंबर 2 खिलाड़ी बन गई हैं।
8वीं सीड बार्टी ने चेक गणराज्य की मार्केटा वोंड्रोसोवा को लगातार सेटों में 6-1, 6-3 से हराकर फ्रेंच ओपन के महिला एकल वर्ग का खिताब जीता था। उन्होंने 6 स्थान की छलांग लगाई और नंबर 2 स्थान पर पहुंच गईं।
वे इवोन गूलागोंग काउली के बाद रैंकिंग में नंबर 2 बनने वाली पहली ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी बन गई हैं। बार्टी 1973 में मार्गरेट कोर्ट के बाद फ्रेंच ओपन का खिताब जीतने वाली ऑस्ट्रेलिया की पहली खिलाड़ी (पुरुष या महिला) बनी हैं।
जापान की नाओमी ओसाका का पहला स्थान बना हुआ लेकिन उनके और बार्टी के अंकों में फासला बहुत कम हो चुका है। ओसाका के 6,486 और बार्टी के 6,350 अंक हैं। दोनों के बीच अब मात्र 136 अंकों का फासला रह गया है।
19 वर्षीय वोंड्रोसोवा ने फाइनल में पहुंचने के अपने प्रदर्शन की बदौलत 22 स्थान की लंबी छलांग लगाई और वे 16वें नंबर पर पहुंच गईं। सेमीफाइनलिस्ट ब्रिटेन की जोहाना कोंटा टॉप 20 में और अमांडा एनिसिमोवा टॉप 30 में पहुंच गई हैं। कोंटा 8 स्थान की छलांग के साथ 18वें और एनिसिमोवा 25 स्थान की छलांग के साथ 26वें नंबर पर पहुंच गई हैं।
पुरुष वर्ग में शीर्ष 8 स्थानों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। सेमीफाइनल में हारने वाले सर्बिया के नोवाक जोकोविच 12,715 अंकों के साथ नंबर 1 बने हुए हैं जबकि 12वीं बार फ्रेंच ओपन का खिताब जीतने वाले स्पेन के राफेल नडाल 7,945 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं।
सेमीफाइनल में हारने वाले स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर 6,670 अंकों के साथ तीसरे और नडाल से हारकर उपविजेता रहे ऑस्ट्रिया के डोमिनिक थिएम 4,685 अंकों के साथ चौथे स्थान पर हैं।
बोपन्ना 9 वर्षों में अपनी सबसे खराब रैंकिंग पर : भारत के अनुभवी युगल खिलाड़ी रोहन बोपन्ना इस साल लगातार खराब प्रदर्शन के कारण पिछले 9 वर्षों में अपने करियर की सबसे खराब रैंकिंग पर पहुंच गए हैं।
बोपन्ना का फ्रेंच ओपन में निराशाजनक प्रदर्शन रहा और वे रैंकिंग में 9 स्थान गिरकर 49वें नंबर पर खिसक गए। इससे पहले 21 जून 2010 को बोपन्ना 52वीं रैंकिंग पर थे। बोपन्ना ने वर्ष 2019 की शुरुआत 32वें स्थान के साथ की थी और अब वे 49वें नंबर पर पहुंच गए हैं।
फ्रेंच ओपन में अन्य भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था। दिविज शरण 3 स्थान गिरकर 42वें नंबर पर पहुंचे हैं लेकिन शीर्ष युगल भारतीय बने हुए हैं। जीवन नेदुनचेझियन का 72वां स्थान बरकरार है। लिएंडर पेस को 3 स्थान का फायदा हुआ है और वे 77वें नंबर पर पहुंचे हैं। पूरव राजा 1 स्थान गिरकर 83वें नंबर पर खिसके हैं।
एकल रैंकिंग में प्रजनेश गुणेश्वरन 3 स्थान गिरकर 91वें और रामकुमार रामनाथन 4 स्थान गिरकर 147वें नंबर पर खिसके हैं।
webdunia
Publish Date: Mon, 10 Jun 2019 (22:14 IST)
Updated Date: Mon, 10 Jun 2019 (22:17 IST)