Publish Date: Mon, 14 May 2018 (21:38 IST)
Updated Date: Mon, 14 May 2018 (21:43 IST)
मुंबई। अधिकतर विदेशी बाजारों से मिले मजबूत संकेतों के बीच बैंकिंग और तेल एवं गैस समूह में हुई लिवाली से बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 20.92 अंक की मजबूती के साथ 35556.71 अंक पर पर बंद हुआ, हालांकि एनएसई का निफ्टी इस दौरान 10,806.60 पर सपाट रहा।
अंतरराष्ट्रीय तेजी की खबरों के दम पर सेंसेक्स की शुरुआत भी मजबूत रही। अप्रैल के थोक मूल्य सूचकांक के आंकड़े जारी होने के बाद इसमें तेज गिरावट आई और यह लुढ़कता हुआ 35,456.56 अंक के दिवस के निचले स्तर तक आ गया। कारोबार के दौरान यह 35,642.72 अंक के उच्चतम स्तर पर पहुंचने के बाद गत दिवस की तुलना में 0.06 फीसदी की बढ़त में 35,55671 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स की 16 कंपनियां तेजी में और 14 कंपनियां गिरावट में रहीं।
निफ्टी भी मामूली बढ़त के साथ 10,815.15 अंक पर खुला। कारोबार के दौरान यह 10,834.85 अंक के उच्चतम और 10,774.75 अंक के निचले स्तर से होता हुआ गत दिवस की तुलना में 0.10 अंक की बढ़त के साथ 10,806.60 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी की 28 कंपनियां गिरावट में और 22 तेजी में रहीं।
दिग्गज कंपनियों के विपरीत छोटी और मझौली कंपनियों में बिकवाली हावी रही। बीएसई का मिडकैप 0.88 प्रतिशत यानी 143.96 अंक लुढ़ककर 16,200.03 अंक पर और स्मॉलकैप एक फीसदी यानी 177.76 अंक की गिरावट के साथ 17,640.33 अंक पर बंद हुआ। बीएसई में कुल 2,983 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ जिनमें 1,827 में गिरावट, 845 में लाभ जबकि 160 कंपनियों के शेयरों के भाव गत दिवस पर पड़े रहे। (वार्ता)
webdunia
Publish Date: Mon, 14 May 2018 (21:38 IST)
Updated Date: Mon, 14 May 2018 (21:43 IST)