Publish Date: Fri, 11 May 2018 (18:00 IST)
Updated Date: Fri, 11 May 2018 (19:26 IST)
मुंबई। धातु, बैंकिंग, पूंजीगत वस्तुएं और ऊर्जा समूह के शेयरों में हुई जबर्दस्त लिवाली के दम पर शुक्रवार को सेंसेक्स 290 अंक मजबूत हो गया और निफ्टी 10,800 अंक के पार चला गया। ब्रोकरों ने कहा कि एशियाई बाजारों की मजबूती, यूरोपीय बाजारों के बढ़त में खुलने और वॉल स्ट्रीट के पिछले दिवस तेजी में बंद होने से भी धारणा को बल मिला।
बंबई शेयर बाजार (बीएसई) का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 289.52 अंक यानी 0.82 प्रतिशत मजबूत होकर 35,535.79 अंक पर बंद हुआ। सत्र के दौरान यह 35,596.15 अंक के सर्वोच्च स्तर तक भी पहुंचा।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी 89.95 अंक यानी 0.84 प्रतिशत की तेजी के साथ 10,812.05 अंक पर बंद हुआ। सप्ताह के दौरान सेंसेक्स 620.41 अंक यानी 1.78 प्रतिशत और निफ्टी 188.25 अंक यानी 1.77 प्रतिशत मजबूत हुआ है।
शेयर बाजारों के अस्थायी आंकड़ों के अनुसार गुरुवार को घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 900.69 करोड़ रुपए की खरीदारी की जबकि विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने 364.88 करोड़ रुपए की बिकवाली की। (भाषा)
webdunia
Publish Date: Fri, 11 May 2018 (18:00 IST)
Updated Date: Fri, 11 May 2018 (19:26 IST)