Publish Date: Sat, 04 Nov 2017 (10:17 IST)
Updated Date: Sat, 04 Nov 2017 (12:12 IST)
बेगूसराय। बिहार के बेगूसराय में शनिवार को कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर पहुंचे श्रद्धालुओं में भगदड़ मच गई। बेगूसराय के सिमरिया घाट पर हुई इस भगदड़ में 3 लोगों की मौत हो गई।
शनिवार को कार्तिक पूर्णिमा व महाकुंभ के मद्देनजर नदी घाट पर भारी भीड़ थी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासनिक इंतजाम नाकाफी थे। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इसी दौरान वहां कोई अफावाह फैली, जिसके बाद लोग इधर-उधर भागने लगे।
भगदड़ के दौरान कई महिलाओं और बच्चों को चोटे आई हैं। बता दें कि कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर बेगूसराय के सिमरिया सहित विभिन्न घाटों पर लाखों की संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान यह हादसा हुआ। फिलहाल स्थानीय प्रशासन की ओर से स्थिति संभालने की कोशिश की जा रही है।
प्रशासन ने हादसे में तीन लोगों की मौत की पुष्टि की है। प्रशासन ने दावा किया कि यह हादसा भारी भीड़ की वजह से हुआ। पुलिस उपाधीक्षक सदर मिथिलेश कुमार ने बताया कि मृतकों की तत्काल पहचान नहीं हो पाई है। उन्होंने बताया कि भगदड़ के कारणों के बारे में पता लगाया जा रहा है।
इस बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हादसे पर शोक जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है। कुमार ने अपने शोक संदेश में इस घटना को अत्यंत दुखद बताया और मृत लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने दुख की इस घड़ी में मृतक के शोक संतप्त परिजनों को धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
webdunia
Publish Date: Sat, 04 Nov 2017 (10:17 IST)
Updated Date: Sat, 04 Nov 2017 (12:12 IST)