Publish Date: Wed, 12 Sep 2018 (10:53 IST)
Updated Date: Wed, 12 Sep 2018 (12:10 IST)
बिजनौर। उत्तर प्रदेश में बिजनौर की मोहित पेट्रो केमिकल फैक्ट्री में बुधवार सुबह वेल्डिंग करते समय सिलेंडर फटने से छह मजदूरों की मौत हो गई और दो घायल हो गए।
प्रशासनिक सूत्रों ने बताया कि बिजनौर से लगभग आठ किलोमीटर दूर नगीना रोड पर स्थित मोहित पेट्रो केमिकल फैक्ट्री में सुबह सात बजे लीकेज टैंक पर वेल्डिंग करते समय अचानक सिलेंडर फट जाने से छह मजदूरों की मौत मौके पर ही हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में अभी एक मजदूर लापता बताया जा रहा है। टैंक दो दिन पहले लीक हुआ था। आज सुबह उसे ही वेल्डिंग कर ठीक करने की कोशिश की जा रही थी। प्रशासनिक अधिकारी मौके पर राहत बचाव कार्य में अधीनस्थों को निर्देश देने के साथ स्थलीय निरीक्षण कर रहे हैं।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंच गए। इसी बीच मृतकों के परिजनों ने फैक्ट्री गेट पर हंगामा करना शुरू कर दिया है। (वार्ता)