Publish Date: Sun, 31 Dec 2023 (20:35 IST)
Updated Date: Sun, 31 Dec 2023 (20:42 IST)
Chilling increased due to cold winds in Rajasthan : राजस्थान के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों के कुछ स्थानों पर रविवार को ठंडी हवा चलने और अधिकतम तापमान में गिरावट के कारण दिन में भी ठिठुरन महसूस की गई। बीते 24 घंटों के दौरान पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटों के दौरान पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। इसके अनुसार, पूर्वी राजस्थान के पिलानी में अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस, धौलपुर में 17.2 डिग्री सेल्सियस, कोटा में 18.4 डिग्री सेल्सियस, वनस्थली में 19.6 डिग्री सेल्सियस, सवाई माधोपुर में 19.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं पश्चिमी राजस्थान के हनुमानगढ़ के संगरिया में 11.9 डिग्री, गंगानगर में 13.9 डिग्री सेल्सियस, बीकानेर में 18.1 डिग्री सेल्सियस, चूरू में 19.7 डिग्री सेल्सियस, जैसलमेर में 19.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग के अनुसार, राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से लेकर 9.5 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।
वहीं राज्य के एकमात्र पर्वतीय पर्यटन स्थल माउंट आबू में न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने राज्य में घने कोहरे का दौर आगामी 3-4 दिनों तक जारी रहने की संभावना जताई है। विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि आगामी 48 घंटे में राज्य के उत्तरी भागों में कहीं-कहीं अति घना कोहरा (दृश्यता 200 मीटर से कम) दर्ज होने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि घने कोहरे के प्रभाव से दिन का अधिकतम तापमान औसत से 3-6 डिग्री तक नीचे दर्ज होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि राज्य में आगामी 5-6 दिन मौसम मुख्यतः शुष्क बना रह सकता है। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour