Publish Date: Sun, 11 Nov 2018 (08:25 IST)
Updated Date: Sun, 11 Nov 2018 (08:27 IST)
ठाणे। मुंबई से सटे पालघर जिले में 37 वर्षीय महिला के साथ बलात्कार करने वाले तांत्रिक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी अजय चौधरी कोलकाता के वीरभूम इलाके का रहने वाला है और पालघर जिले में चंदनसार इलाके में रहता है। वह अपने आप को काली मां का पुजारी और अघोरी बताता है। तांत्रिक ने महिला से कहा था कि उसके पास कई शक्तियां हैं, जिससे वह उसकी सभी परेशानियों को दूर कर खुशियां भर देगा और उसे संतान भी होगी।
वर्ष 2015 से अक्टूबर 2018 तक आरोपी, महिला के घर पर अमावस्या और पूर्णिमा के दिन उसके साथ बलात्कार करता रहा। तांत्रिक ने महिला को डरा कर रखा था कि यदि वह किसी को कुछ भी बताएगी तो उसे मां का श्राप मिलेगा और तब वह संतान प्राप्त नहीं कर सकेगी।
लंबे समय से शारीरिक शोषण के बाद महिला ने समझा कि उसके साथ धोखा किया जा रहा है। महिला ने शुक्रवार को आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।