Publish Date: Thu, 18 Jul 2019 (22:17 IST)
Updated Date: Thu, 18 Jul 2019 (22:29 IST)
पटना। बिहार के 12 जिलों में आई बाढ़ से अब तक 78 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 45 लाख 40 हजार से अधिक की आबादी प्रभावित हुई है।
आपदा प्रबंधन विभाग से बुधवार को प्राप्त जानकारी के मुताबिक बिहार के 12 जिलों (शिवहर, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, पूर्वी चंपारण, मधुबनी, दरभंगा, सहरसा, सुपौल, किशनगंज, अररिया, पूर्णिया एवं कटिहार) में अब तक 78 लोगों की मौतें हुई हैं जबकि 45 लाख 40 हजार से अधिक की आबादी प्रभावित हुई है।
बिहार में बाढ़ से अब तक 78 लोगों की मौत हुई है जिसमें सीतामढ़ी में 18, मधुबनी में 14, अररिया में 12, शिवहर एवं दरभंगा में 9-9, पूर्णिया में 7, किशनगंज में 4 और सुपौल में 3 मौतें हुई हैं। बाढ़ प्रभावित इन 12 जिलों में कुल 130 राहत शिविर चलाए जा रहे हैं, जहां 1 लाख 13 हजार से अधिक लोग शरण लिए हुए हैं और उनके भोजन की व्यवस्था के लिए 1,119 सामुदायिक रसोई चलाई जा रही है।
राहत एवं बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की कुल 26 टीमें तैनात की गई हैं तथा 125 मोटरबोट का इस्तेमाल किया जा रहा है।
केंद्रीय जल आयोग से प्राप्त जानकारी के मुताबिक बिहार की कई नदियां (गंडक, बूढ़ी गंडक, बागमती, अधवारा समूह, कमला बलान, कोसी, महानंदा और परमान नदी) विभिन्न स्थानों पर गुरुवार सुबह खतरे के निशान से ऊपर बह रही थीं।
भारत मौसम विभाग के अनुसार बिहार की सभी नदियों के जलग्रहण क्षेत्रों में शुक्रवार सुबह तक हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। (भाषा)