Publish Date: Friday, 30 January 2026 (17:42 IST)
Updated Date: Friday, 30 January 2026 (01:44 IST)
नई दिल्ली। दिल्ली समेत उत्तर भारत में कोहरे की चादर बिछ गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले 4 से 5 दिनों के दौरान हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के लिए घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। अगले दो दिनों में बिहार और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अलग-अलग इलाकों में घना कोहरा छाने की संभावना है।
हिमालय से शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण अगले 4 से 5 दिनों के दौरान हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और उत्तरी राजस्थान में अलग-अलग हिस्सों में शीत लहर जारी रहेगी।
दिल्ली में तापमान गिरने से बढ़ी ठंड। आज न्यूनतम तापमान गिरकर 6 डिग्री तक पहुंचने का अनुसान। औरेया, उन्नाव, कासगंज, अलीगढ़, फिरोजाबाद और नोएडा समेत उत्तरप्रदेश के कई शहर घने कोहरे की चपेट में दिखाई दे रहे हैं।
कोहरे की वजह से ग्रेटर नोएडा के दनकौर इलाके में यात्रियों से भरी एक बस कंटेनर से टकरा गई। हादसे की वजह से 1 यात्री की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए।
IMD के अनुसार, बहुत घना कोहरा तब कहा जाता है जब दृश्यता शून्य से 50 मीटर के बीच होती है, 51 से 200 मीटर के बीच दृश्यता को घना कोहरा, 201 से 500 को मध्यम और 501 से 1,000 मीटर के बीच दृश्यता को हल्का कोहरा कहा जाता है।
मौसम विभाग ने कहा कि लंबे समय तक कोहरे के संपर्क में रहने से गले में खराश, खांसी और अस्थमा से पीड़ित लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो सकती है। इससे आंखों में जलन या संक्रमण भी हो सकता है। उसने यात्रियों को लंबा सफर करने पर पानी तथा दवा जैसे जरूरी सामान साथ रखने की सलाह दी।
मौसम एजेंसी स्काईमेट के अनुसार, अगले 24 घंटों में अंडमान- निकोबार के दक्षिणी हिस्सों में एक या दो बार हल्की से भारी बारिश की संभावना है। तटीय तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के दक्षिणी तट भी पर हल्की बारिश हो सकती है। रायलसीमा, दक्षिण कर्नाटक, तमिलनाडु के अंदरूनी हिस्सों और केरल के कुछ हिस्सों में भी बारिश की संभावना है।
Edited by : Nrapendra Gupta