Publish Date: Mon, 16 Nov 2026 (11:15 IST)
Updated Date: Mon, 16 Nov 2026 (11:20 IST)
ELection Commission on SIR : यदि आपका नाम भी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान आई ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में शामिल होने से छूट गया था, तो यह खबर आपके लिए बेहद काम की है। भारतीय निर्वाचन आयोग (ECI) ने सुप्रीम कोर्ट में एक हलफनामा दाखिल कर स्पष्ट किया है कि ऐसे मतदाताओं को अपना नाम सूची में दर्ज कराने का एक और सुनहरा मौका दिया जा रहा है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयुक्तों की ओर से यह कदम चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और हर पात्र नागरिक की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।
फॉर्म-6 भरने पर नहीं चलेगा कोई मुकदमा
आयोग ने सुप्रीम कोर्ट को भरोसा दिलाया है कि यदि किसी मतदाता का नाम पहले वोटर लिस्ट में था लेकिन एसआईआर ड्राफ्ट में छूट गया और उसने अब नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भर दिया है, तो सिर्फ इस वजह से जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 31 के तहत कोई मुकदमा नहीं चलाया जाएगा।
कैसे और कहां जमा करें आवेदन?
सुप्रीम कोर्ट के सुझावों और 6 नवंबर को जारी नए निर्देशों के तहत मतदाता निम्नलिखित तरीकों से अपना आवेदन पूरा कर सकते हैं:
ऑफलाइन माध्यम: मतदाता अपने मौजूदा सामान्य निवास स्थान के निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ERO), सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (AERO) या बूथ लेवल अधिकारी (BLO) के पास विधिवत भरा हुआ गणना फॉर्म व्यक्तिगत रूप से जमा कर सकते हैं।
परिवार के जरिए: यदि मतदाता खुद जाने में असमर्थ है, तो वह अपने परिवार के किसी सदस्य के माध्यम से भी दस्तावेज भेज सकता है।
ऑनलाइन सुविधा: डिजिटल प्रक्रिया को बढ़ावा देते हुए ECINET पोर्टल के जरिए ई-साइन (e-Sign) करके ऑनलाइन आवेदन जमा करने की सुविधा भी दी गई है।
एक ही पते पर रहने वालों के लिए विशेष प्रावधान
जो लोग लंबे समय से एक ही पते पर रह रहे हैं लेकिन किन्हीं कारणों से समय पर गणना फॉर्म नहीं जमा कर पाए थे, वे भी इस प्रक्रिया का लाभ उठा सकते हैं। ऐसे मतदाताओं को हस्ताक्षर किए हुए गणना फॉर्म के साथ एक घोषणा पत्र (अनुलग्नक-बी) देना होगा, जिसमें फॉर्म समय पर जमा न हो पाने की उचित वजह बतानी होगी। फॉर्म और घोषणा पत्र निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी या बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) के पास व्यक्तिगत रूप से जमा किया जा सकता है।