Publish Date: Friday, 30 January 2026 (17:42 IST)
Updated Date: Friday, 30 January 2026 (01:44 IST)
पटना। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने आज विपक्ष पर राफेल सौदे के नाम पर जनता की आंखों में धूल झोंकने का आरोप लगाते हुए कहा कि कोई ऐसा नहीं जो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीयत और उनके ईमान पर उंगली उठा सके।
सिंह ने यहां अधिवेशन भवन में आयोजित ‘भारत के मन की बात, मोदी के साथ’ कार्यक्रम में बुद्धिजीवियों से संवाद करते हुए कहा, मैंने राजनीति में कभी किसी पर मनगढ़ंत आरोप नहीं लगाए हैं और भाषा तथा शब्दों की मर्यादा का हमेशा ख्याल रखा है। मैंने हमेशा स्वच्छ राजनीति की है।
सिंह ने कहा, मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को वर्षों से जानता हुं। हमने मिलकर साथ-साथ काम किया है। उन पर आप अन्य आरोप जो लगाना हो, लगा सकते हैं कि मोदीजी ने काम कम किया, काम अधिक किया या उनको और भी काम करना चाहिए था, लेकिन कोई माई का लाल उनकी नीयत और ईमान पर उंगली नहीं उठा सकता है।
केन्द्रीय गृहमंत्री ने कहा कि राजनीति जनता को गुमराह कर और आंखों में धूल डालकर नहीं बल्कि आंखों में आंखें डालकर की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि मोदी की ईमानदारी पर किसी को कोई शक नहीं है। आखिर वह किसके लिए धन जमा करेंगे।