Publish Date: Fri, 23 Mar 2018 (15:12 IST)
Updated Date: Fri, 23 Mar 2018 (16:41 IST)
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने डाटा चोरी के मुद्दे पर भाजपा पर शुक्रवार को फिर हमला बोलते हुए कहा कि सत्तारूढ़ दल कैबिनेट मंत्री के जरिए झूठ बुलवा रही है और यह फर्जी खबर चलवा रही है कि कांग्रेस ने कैम्ब्रिज एनेलिटिका के साथ काम किया था।
उन्होंने शुक्रवार को ट्वीट कर कहा कि भाजपा के झूठ का कारखाना जारी है। पत्रकारों द्वारा यह बड़ी खबर ब्रेक किया जाना लगभग तय है कि कैसे कैम्ब्रिज एनेलिटिका (सीए) को सेंध लगाने और 2012 में कांग्रेस को नुकसान पहुंचाने के लिए भुगतान किया गया।
राहुल ने कहा कि भाजपा अपने कैबिनेट मंत्री के जरिए झूठ बुलवा रही और यह फर्जी खबर चलवा रही है कि कांग्रेस ने सीए के साथ काम किया था। असली खबर गायब हो गई। उन्होंने अपने ट्वीट के साथ एक समाचार वेबसाइट की इस शीर्षक की खबर चलाई, 'भंडाफोड़ करने वाले ने कैम्ब्रिज एनेलिटिका के भारत के साथ संबंध होने का खुलासा किया।'
कांग्रेस और भाजपा के बीच पिछले चुनावों में ब्रिटिश डाटा फर्म कैम्ब्रिज एनेलिटिका (सीए) और उसकी भारतीय साझेदार कंपनी की सेवाएं लिए जाने के मुद्दे पर वाकयुद्ध छिड़ा हुआ है। यह कंपनी संदेह के घेरे में तब आई, जब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक ने उस पर डाटा चोरी के आरोप लगाए।
कांग्रेस ने जहां भाजपा पर इस कंपनी की सेवाएं लेने का आरोप लगाया है, वहीं भाजपा ने यह कहते हुए पलटवार किया है कि कांग्रेस और उसके प्रमुख ने कंपनी की सेवाएं ली थीं। (भाषा)
webdunia
Publish Date: Fri, 23 Mar 2018 (15:12 IST)
Updated Date: Fri, 23 Mar 2018 (16:41 IST)