Publish Date: Fri, 15 Mar 2019 (17:17 IST)
Updated Date: Fri, 15 Mar 2019 (17:19 IST)
नई दिल्ली। न्यूजीलैंड के क्राइस्टचर्च में चार बंदूकधारियों द्वारा दो मस्जिदों पर किए गए हमले में करीब 49 लोगों के मारे जाने की खबर है। इस बीच, इस हमले में 6 भारतीयों के मारे जाने की आशंका है। हालांकि असकी आधिकारिक रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
न्यूजीलैंड में भारतीय उच्चायुक्त संजीव कोहली के मुताबिक छह भारतीयों के मारे जाने की आशंका है। इनमें 2 भारतीय हैं, जबकि 4 लोग भारतीय मूल के हैं। हालांकि न्यूजीलैंड सरकार ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। पुलिस ने चार संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें तीन पुरुष और एक महिला शामिल है। एक हमलावर ऑस्ट्रेलियाई मूल का है।
न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जैसिंदा आर्डर्न ने बताया कि 10 लोग लिनवुड और 30 लोग हेगले पार्क के पाय डींस एवेन्यू मस्जिद में मारे गए। गोलीबारी में 20 लोग घायल भी हुए हैं। उन्होंने इसे एक आतंकवादी घटना बताया और कहा कि देश में ऐसी घटना पहले कभी नहीं हुई। उन्होंने आज के दिन को सबसे काले दिनों में से एक बताया। उन्होंने कहा कि मेरी संवेदनाएं और मुझे विश्वास है कि पूरे न्यूजीलैंडवासियों की संवेदनाएं हताहतों और उनके परिजनों के साथ हैं।
ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने हमलावरों में से एक के ऑस्ट्रेलियाई नागरिक होने की पुष्टि की है। वह न्यूजीलैंड में ही रह रहा था। स्कॉट ने कहा कि हम इस हमले की कड़ी निंदा करते हैं, जिसे एक चरमपंथी, दक्षिणपंथी हिंसक आतंकवादी ने अंजाम दिया है। इस हमले ने हमें याद दिलाया है कि हमारे बीच शैतान हमेशा मौजूद है, जो कभी भी हम पर हमला कर सकता है।
पुलिस ने मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई है। पुलिस ने मध्य क्राइस्टचर्च इलाके के सभी लोगों को अगले नोटिस तक अपने घरों में रहने के निर्देश दिए हैं। क्राइस्टचर्च के स्कूलों को भी कुछ समय तक बंद रखने के बाद खोल दिया गया है।
हमले के कारण न्यूजीलैंड और बांग्लादेश के बीच शनिवार से शुरू होने वाला तीसरा टेस्ट मैच रद्द हो गया है। हमले के बाद बांग्लादेश के बल्लेबाज तमीम इकबाल ने ट्वीट कर कहा कि पूरी टीम हमले में सुरक्षित बच गई है। डरावना अनुभव, कृपया हमारे लिए दुआ करें।
webdunia
Publish Date: Fri, 15 Mar 2019 (17:17 IST)
Updated Date: Fri, 15 Mar 2019 (17:19 IST)