Publish Date: Sun, 02 Aug 2026 (09:10 IST)
Updated Date: Sun, 02 Aug 2026 (09:14 IST)
NEET UG 2026 के बाद मेडिकल कॉलेजों में MBBS और अन्य स्नातक चिकित्सा पाठ्यक्रमों में दाखिले का इंतजार कर रहे छात्रों के लिए अहम अपडेट है। मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) के अनुसार अखिल भारतीय कोटा (AIQ) के तहत काउंसलिंग का पहला राउंड 4 अगस्त 2026 से शुरू होगा। MCC के जारी कार्यक्रम के मुताबिक, डीम्ड और केंद्रीय विश्वविद्यालयों के लिए AIQ काउंसलिंग का पहला चरण 4 अगस्त से 17 अगस्त तक चलेगा। इस चरण में सीट आवंटन के बाद उम्मीदवारों को 22 अगस्त तक दाखिला लेना होगा।
AIQ Counselling 2026 का पूरा शेड्यूल
AIQ के तहत MBBS और अन्य UG मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए कुल तीन राउंड आयोजित किए जाएंगे। पहले राउंड की काउंसलिंग 4 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक होगी और इस चरण में चयनित उम्मीदवारों को 22 अगस्त तक एडमिशन लेना होगा। इसके बाद दूसरे राउंड की काउंसलिंग 24 अगस्त से 2 सितंबर तक आयोजित की जाएगी। वहीं तीसरा राउंड 10 सितंबर से 18 सितंबर 2026 तक चलेगा। यह शेड्यूल खास तौर पर डीम्ड और केंद्रीय विश्वविद्यालयों के AIQ काउंसलिंग कार्यक्रम के तहत जारी किया गया है।
State Quota Counselling का भी शेड्यूल जारी
राज्य कोटे की मेडिकल सीटों के लिए काउंसलिंग का पहला राउंड 13 अगस्त से 22 अगस्त तक आयोजित किया जाएगा। उम्मीदवारों को इस चरण में 28 अगस्त तक दाखिला लेना अनिवार्य होगा। इसके बाद राज्य कोटे की दूसरे चरण की काउंसलिंग 31 अगस्त से 8 सितंबर तक और तीसरा चरण 16 सितंबर से 26 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा।
8 सितंबर से शुरू होगा नया शैक्षणिक सत्र
MCC के अनुसार, 2026-27 बैच का शैक्षणिक सत्र 8 सितंबर 2026 से शुरू होगा। ऐसे में मेडिकल प्रवेश की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों को काउंसलिंग की तारीखों और संबंधित कॉलेज में रिपोर्टिंग की समयसीमा पर विशेष ध्यान देना होगा। उम्मीदवारों को सलाह है कि वे काउंसलिंग के दौरान आवश्यक दस्तावेज, सीट आवंटन और रिपोर्टिंग से संबंधित निर्देशों को ध्यान से पढ़ें और निर्धारित समयसीमा के भीतर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करें।