Publish Date: Mon, 11 Sep 2017 (11:26 IST)
Updated Date: Mon, 11 Sep 2017 (15:05 IST)
नई दिल्ली। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्रसंघ-2017 के चुनाव में संयुक्त वाम गठबंधन (संवाग) ने सभी चारों सीटों पर अपना परचम लहरा लिया है। लगभग सभी सीटों पर मुख्य मुकाबला वाम दलों की छात्र इकाई से जुडे संवाग गठबंधन और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की छात्र इकाई अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के बीच हुआ।
संवाग की गीता कुमारी ने एबीवीपी की निधि त्रिपाठी को 464 मतों के अंतर से तथा सिमोन जोया खान ने एबीवीपी के दुर्गेश कुमार को 848 मतों से हरा दिया। संवाग के दुग्गिराला श्रीकृष्णा महासचिव तथा शुभांशु सिंह संयुक्त सचिव पदों के लिए चुने गए। श्रीकृष्णा को 2,082 वोट तथा सिंह को 1,755 वोट मिले।
चुनाव अधिकारियों के अनुसार चुनाव में पड़े कुल 4,639 मतों में 4,620 वैध पाए गए। विश्वविद्यालय परिसर में 8 सितंबर को मतदान हुआ था। (वार्ता)