Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

उत्तर भारत में शीतलहर का कहर, क्या हुआ कोहरे का ट्रेनों पर असर?

हमें फॉलो करें उत्तर भारत में शीतलहर का कहर, क्या हुआ कोहरे का ट्रेनों पर असर?
, गुरुवार, 22 दिसंबर 2022 (07:32 IST)
नई दिल्ली। उत्तर भारत के बड़े हिस्से में बुधवार को कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी रहा और घने कोहरे की चादर छाई रही। घने कोहरे के कारण दृश्यता के स्तर में उल्लेखनीय कमी देखी गई। इसके परिणामस्वरूप रेल सेवाएं बाधित हुईं। कोहरे की वजह से 273 ट्रेनें रद्द कर दी गई है जबकि 14 का रास्ता बदल दिया गया है। हादसे में 11 लोग घायल हो गए।
 
कोहरे की वजह से लखनऊ-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई वाहनों की भिड़ंत में कम से कम 11 लोग घायल हो गए। इस दौरान दिल्ली में हल्का कोहरा छाया रहा, जहां 18 ट्रेनें डेढ़ से पांच घंटे की देरी से चलीं। दिल्ली हवाईअड्डे पर उड़ानों का परिचालन सामान्य रहा। हालांकि, मंगलवार रात चंडीगढ़, वाराणसी और लखनऊ में खराब मौसम के कारण 3 उड़ानों को दिल्ली हवाईअड्डे पर लौटा दिया गया या उनका मार्ग बदल दिया गया।
 
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार पंजाब, हरियाणा, उत्तर-पश्चिमी राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में कम तापमान, उच्च नमी और स्थिर हवाओं के बीच घने से बहुत अधिक घने कोहरे की एक परत बनी हुई है।

आईएमडी ने कहा कि सिंधु-गंगा के निचले क्षोभमंडलीय स्तरों पर नमी और हल्की हवाओं के कारण अगले 24 घंटों में पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में रात और सुबह के समय कई/अधिकांश इलाकों में घना से बहुत अधिक घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।

मौसम एजेंसी स्कायमेट डॉट कॉम के अनुसार, पश्चिमी हिमालय सहित पूरे उत्तर पश्चिमी भारत का मौसम पिछले दो सप्ताह से शुष्क बना हुआ है। अब, एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ आने वाला है, जो 26 और 27 दिसंबर को एक या दो मध्यम अवधि के साथ हल्की बारिश और हिमपात दे सकता है। मौसम एक बार फिर से शुष्क हो जाएगा और हमें साल के अंत तक मौसम की किसी गतिविधि की उम्मीद नहीं है।
 
webdunia
 
लखनऊ-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बस ट्रक से टकराकर पलट गई जिससे 12 से अधिक अन्य वाहन आपस में भिड़ गए। इसके परिणामस्वरूप बस के पीछे अन्य वाहनों में सवार 11 लोग घायल हो गए। पिछले 24 घंटों के दौरान, राज्य के मुरादाबाद और मेरठ मंडलों में दिन के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। प्रयागराज, बरेली, मुरादाबाद, अयोध्या, कानपुर और बरेली में भी दिन के तापमान में गिरावट देखी गई। फुर्सतगंज पिछले 24 घंटों में राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा जहां तापमान गिरकर 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
अगले 24 घंटों में महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, संत कबीर नगर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, अमरोहा और बिजनौर में सुबह-शाम घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। उत्तर प्रदेश के कई जिलों में स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। कड़ाके की ठंड और कोहरे के चलते जनपद गौतम बुद्ध नगर के पहली से 12वीं कक्षा तक के स्कूलों को नौ बजे से खोलने के आदेश दिए गए हैं।
 
इस बीच, कश्मीर में सबसे कठोर सर्दियों की अवधि 'चिल्लाई कलां' बुधवार से शुरू हो गई और पहलगाम सहित कई स्थानों पर पारा शून्य से कई डिग्री नीचे चला गया, जहां रात का न्यूनतम तापमान शून्य से 6.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

बॉलीवुड 2022 : द कश्मीर फाइल्स से लेकर पठान तक होने वाले 130 से ज्यादा विवाद, बहिष्कार और बदजुबानी के बीच बॉलीवुड