Hanuman Chalisa

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

दिल्ली के डिप्टी CM मनीष सिसोदिया को CBI ने किया गिरफ्तार, AAP आज देशभर में करेगी प्रदर्शन

Advertiesment
हमें फॉलो करें Manish Sisodia arrested
, सोमवार, 27 फ़रवरी 2023 (00:30 IST)
नई दिल्ली। दिल्ली आबकारी घोटाला मामले में रविवार को उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया (Manish Sisodia) को CBI ने गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने आशंका जताई थी कि मनीष सिसोदिया को रविवार को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी गंदी राजनीति का परिणाम है। केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि मनीष बेकसूर हैं। उनकी गिरफ्तारी गंदी राजनीति का परिणाम है। मनीष की गिरफ्तारी से लोगों में बहुत रोष है। लोग सब देख रहे हैं। लोगों को सब समझ आ रहा है। लोग इसका जवाब देंगे। इस से हमारे हौसले और बढ़ेंगे। हमारा संघर्ष और मजबूत होगा।

इसके साथ ही आप ने देशभर में प्रदर्शन करने करने की घोषणा कर दी है। इस कड़ी में दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय पर भी आज दोपहर 12 बजे पार्टी नेता और कार्यकर्ता सिसोदिया की गिरफ्तारी के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे।

दिल्ली पुलिस ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है और लॉ एंड आर्डर की स्थिति को देखते हुए आप सांसद संजय सिंह सहित पार्टी के कई नेताओं-कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया है।

दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को सीबीआई द्वारा गिरफ्तार किये जाने के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सिसोदिया के घर जाकर उनके परिवार से मुलाकात की।
Manish Sisodia arrested

मनीष सिसोदिया के घर के बाहर पत्रकारों से अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मनीष सिसोदिया को फर्जी केस में फंसाकर गिरफ्‍तार किया गया है। मनीष सिसोदिया 24 घंटे देश की सेवा में लगे रहते हैं। 75 साल में मनीष सिसोदिया पहले ऐसे शख्स जिसने गरीबों के मन में एक उम्मीद जगाई थी। शरीफों, देशभक्त, ईमानदार लोगों को जेल में भेजा जा रहा है। करोड़ों रुपए लूटने वाले बाहर घूम रहे हैं। पूरा देश यह देख रहा है। लोग ही इसका जवाब देंगे। 
 
आप नेता संजय सिंह ने कहा कि सिसोदिया की गिरफ़्तारी तानाशाही की इंतेहा है। आपने एक नेक इंसान और सर्वश्रेष्ठ शिक्षा मंत्री को गिरफ्तार करके अच्छा नही किया मोदी जी। भगवान भी आपको माफ़ नही करेगा। एक दिन आपकी तानाशाही का अंत ज़रूर होगा।

उन्होंने कहा कि यह एक ऐसे शिक्षा मंत्री पर कार्रवाई है जो दिन रात मेहनत करके लाखों बच्चों का भविष्य संवार रहे हैं। प्रधानमंत्री आपने अच्छा नहीं किया है, आपने गुनाह किया है, यह पाप है। दिल्ली के लाखों बच्चों के साथ आपने पाप किया है। ईश्वर भी आपको माफ नहीं करेगा। एक बेबुनियाद झूठे और फर्जी मामले में आपने मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार किया है।

आपकी हिम्मत है जिस गौतम अडानी ने लाखों करोड़ का घोटाला किया, उसको गिरफ्तार करने की। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ट्वीट कर कहा कि मनीष सिसोदिया जी की गिरफ़्तारी असल में दिल्ली के लाखों बच्चों की शिक्षा की अवमानना हैं। स्कूल बनाने वाले को जेल भेजना भाजपा के 'एजेंडे' का हिस्सा है।
 
सिसोदिया को दिल्ली आबकारी नीति घोटाला मामले में सीबीआई ने 8 घंटे की लंबी पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया है। उन्हें सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा। 
Manish Sisodia arrested

लोकतंत्र का काला दिन : आम आदमी पार्टी  उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी को तानाशाही की पराकाष्ठा और ‘लोकतंत्र के लिए काला दिन’ बताया।
 
पार्टी ने कहा कि भाजपा ने ‘राजनीतिक प्रतिशोध’ के कारण गिरफ्तारी की और कहा कि भगवान इसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को माफ नहीं करेंगे।
 
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने 2021-22 की आबकारी नीति (अब समाप्त हो चुकी) लागू करने में कथित भ्रष्टाचार को लेकर सिसोदिया को लगभग आठ घंटे की पूछताछ के बाद रविवार शाम गिरफ्तार कर लिया।
 
‘आप’ के सांसद संजय सिंह ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘सिसोदिया की गिरफ्तारी तानाशाही की इंतेहा है। आपने एक नेक इंसान और सर्वश्रेष्ठ शिक्षा मंत्री को गिरफ्तार करके अच्छा नहीं किया। मोदी जी, भगवान भी आपको माफ नही करेगा। मोदी जी एक दिन आपकी तानाशाही का अंत जरूर होगा।’’
 
‘आप’ के आधिकारिक हैंडल से ट्वीट किया गया, ‘‘लोकतंत्र के लिए यह काला दिन है। कई बच्चों का भविष्य संवारने वाले दुनिया के सर्वश्रेष्ठ शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया को भाजपा की सीबीआई ने गिरफ्तार किया है।’’
 
‘आप’ की प्रवक्ता एवं विधायक आतिशी ने कहा कि सिसोदिया को पार्टी और उसके नेता अरविंद केजरीवाल की बढ़ती लोकप्रियता के कारण गिरफ्तार किया गया है।
 
उन्होंने कहा कि सिसोदिया वे शिक्षा मंत्री हैं जिन्होंने दिल्ली के सरकारी स्कूलों का कायाकल्प कर 20 लाख गरीब बच्चों को शिक्षा दी। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि उन्होंने लाखों गरीब बच्चों को बेहतर भविष्य दिया। उन्होंने इस धारणा को तोड़ा कि सरकारी स्कूल अच्छी शिक्षा नहीं दे सकते और उनमें विश्वास बढ़ाया।’’
 
उन्होंने कहा कि उन्होंने कई गरीब बच्चों को आईआईटी, बड़े विश्वविद्यालयों और मेडिकल कॉलेजों में भेजा है। भाजपा कह रही है कि वह 10,000 करोड़ रुपये के घोटाले में शामिल थे। लेकिन वह 10,000 करोड़ रुपये कहां हैं?’’
 
आतिशी ने कहा कि एक साल की जांच के बाद भी, उनके आवास, कार्यालय और बैंक लॉकर पर कई छापेमारी के बाद भी सीबीआई को एक रुपये का भी भ्रष्टाचार नहीं मिला।
 
उन्होंने आरोप लगाया कि एक साल की जांच के बाद, सीबीआई, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच, 500 अधिकारी यह साबित नहीं कर सके कि उन्होंने एक रुपये का भी भ्रष्टाचार किया है। आज की गई गिरफ्तारी ‘आप’ की बढ़ती लोकप्रियता से संबंधित है।
 
आतिशी ने कहा कि मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार कर भाजपा अपनी कब्र खोद रही है। आम आदमी पार्टी की वजह से इतिहास से भाजपा का नाम हमेशा के लिए मिट जाएगा। सिसोदिया देश के भावी शिक्षा मंत्री बनेंगे।’’
 
उन्होंने कहा कि इतिहास ने देखा है। वे एक मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार करेंगे, 1000 और मनीष सिसोदिया ‘आप’ और देशभर में सामने आ जाएंगे। मैं भाजपा को चुनौती देती हूं कि जब भी यह मामला अदालत में जाएगा, वे एक रुपये का भ्रष्टाचार भी साबित नहीं कर पाएंगे।
 
भाजपा ने रविवार को कहा कि दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया या आम आदमी पार्टी (आप) के अन्य नेताओं ने शराब नीति में हुए संदिग्ध भ्रष्टाचार के सिलसिले में कभी सवालों का जवाब नहीं दिया। भाजपा ने यह भी कहा कि उसका मानना है कि गिरफ्तार नेता के खिलाफ इस मामले में दम है।
 
शराब घोटाले वाले शिक्षा मंत्री : भाजपा प्रवक्ता संबित पार्टी ने पार्टी मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में तंज कसते हुए कहा कि सिसोदिया दुनिया के एकमात्र शिक्षा मंत्री हैं, जो शराब घोटाले में शामिल होंगे और यह पूरा प्रकरण आंख खोलने वाला और चौंकाने वाला है।
 
उन्होंने कहा कि धनशोधन मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा गिरफ्तार किए गए दिल्ली के मंत्री सत्येंद्र जैन की जमानत खारिज कर दी गई है, क्योंकि उनके निर्दोष होने के आप के दावे के बावजूद उनके खिलाफ मामले में दम है। उन्होंने कहा कि इसी तरह, भाजपा का मानना है कि सिसोदिया के खिलाफ भी मामले में दम है।
 
पात्रा ने सिसोदिया को ‘शराब मंत्री’ कहा और उन पर पिछले दरवाजे से अपनी पार्टी के लिए पैसा जुटाने के लिए थोक विक्रेताओं के कमीशन में बढ़ोतरी सहित कई अनियमितताओं का आरोप लगाया।
 
पात्रा ने गिरफ्तारी के पीछे राजनीति के आरोप को भी खारिज करते हुए कहा कि जांच एजेंसी और पार्टी दो अलग-अलग संस्थाएं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले के आरोपियों ने 45 मोबाइल फोन और अन्य सबूत नष्ट कर दिए।
 
उन्होंने जोर देर कहा कि भाजपा भ्रष्टाचार को कतई बर्दाश्त नहीं करती है और इसके खिलाफ उसकी लड़ाई हमेशा जारी रहेगी। अधिकारियों ने कहा कि करीब आठ घंटे की पूछताछ के बाद सिसोदिया को गिरफ्तार कर लिया गया, क्योंकि उनके जवाब संतोषजनक नहीं थे।

क्या है शराब घोटाला : 17 नवंबर 2021 को दिल्ली सरकार ने राज्य में नई शराब नीति लागू की। दिल्ली सरकार नई आबकारी नीति लेकर आई थी। इसमें घोटाले का आरोप लगा। इसके बाद दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने 22 जुलाई 2022 को इस मामले में सीबीआई जांच की सिफारिश की। केंद्र सरकार ने भी इसे मानते हुए मामला सीबीआई को सौंप दिया। सीबीआई ने कई बार मनीष सिसोदिया के घर, दफ्तर आदि जगहों पर छापेमारी की। इसके अलावा उनके बैंक लॉकर भी खंगाले गए। 

सीबीआई की प्राथमिकी में आरोपी संख्या एक के रूप में जिक्र किए गए सिसोदिया से इससे पहले पिछले साल 17 अक्टूबर को पूछताछ की गई थी। इसके एक महीने बाद, पिछले साल 25 नवंबर को एजेंसी ने अपना आरोप-पत्र दाखिल किया था। एजेंसियां Edited By : Sudhir Sharma

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क में 2 हाथियों के बीच संघर्ष, घायल टस्कर हाथी सड़क पर आया