Publish Date: Sat, 21 Jul 2018 (15:09 IST)
Updated Date: Sat, 21 Jul 2018 (16:25 IST)
जम्मू। भूस्खलन के बाद बंद किए गए जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात शुरू होने के बाद यहां से अमरनाथ गुफा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का 21वां जत्था रवाना हुआ। अधिकारियों ने बताया कि यातायात अधिकारियों से हरी झंडी मिलने के बाद 428 महिलाओं और 50 साधुओं सहित 1632 श्रद्धालुओं का जत्था शनिवार तड़के कड़ी सुरक्षा के बीच भगवती नगर आधार शिविर से कश्मीर के लिए रवाना हुआ।
दूसरी ओर, 184 महिलाओं और 50 साधुओं सहित 1011 श्रद्धालुओं का एक अन्य जत्था नुनवान आधार शिविर से 36 किलोमीटर लंबे पारंपरिक पहलगाम से रवाना हुए। वहीं 244 महिलाओं सहित 621 लोग 12 किलोमीटर लंबे बालटाल आधार शिविर से रवाना हुए।
रामबाण के पास डिगडोल में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कल भीषण भूस्खलन से सैकड़ों वाहन वहां फंस गए थे। विभिन्न एजेंसियों के कड़े प्रयासों के बाद कल रात मार्ग साफ कर यातायात के लिए खोला गया। (वार्ता)