Publish Date: Fri, 26 Oct 2018 (14:58 IST)Updated Date: Fri, 26 Oct 2018 (19:51 IST)
भोपाल। मध्यप्रदेश में 28 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए बसपा ने शुक्रवार को अपने 29 प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी कर दी। इसी के साथ बसपा अब तक प्रदेश की कुल 230 विधानसभा सीटों में से 51 सीटों पर अपने प्रत्याशी घोषित कर चुकी है।
दूसरी सूची जारी करने के बाद मध्यप्रदेश बसपा अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार ने बताया कि बसपा मध्यप्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव में सभी 230 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और सभी सीटों के लिए अपने प्रत्याशियों की सूची 21 अक्टूबर तक जारी कर देगी। इससे पहले बसपा ने विधानसभा चुनाव के लिए महागठबंधन की राह देख रही कांग्रेस को झटका देते 20 सितंबर को अपने 22 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी थी।
अहिरवार ने बताया कि जिन 51 प्रत्याशियों की अब तक सूची जारी की गई है, उनमें से 40 नये चेहरे हैं, जबकि 11 पहले विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं, जिनमें से चार वर्तमान विधायक एवं दो पूर्व विधायक हैं। वर्तमान में मध्यप्रदेश में बसपा के केवल चार ही विधायक हैं। उन्होंने कहा कि हमारे 51 प्रत्याशियों में से 15 प्रत्याशी युवा हैं।