Publish Date: Mon, 12 Nov 2018 (22:45 IST)
Updated Date: Mon, 12 Nov 2018 (22:50 IST)
सीहोर। मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए 28 नवम्बर को मतदान होना है और जैसे-जैसे दिन करीब आते जा रहे हैं, उम्मीदवारों की धड़कनें भी तेज होती जा रही हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की पत्नी साधना अपने पति को जीत दिलाने के लिए मैराथन जनसंपर्क करने में जुटी हैं। बुधनी से चुनाव लड़ रहे शिवराज सिंह की पत्नी को आज जनता के गुस्से का सामना करना पड़ा।
बुधनी विधानसभा क्षेत्र के रेहटी में साधना सिंह जब अपने पति के लिए वोट मांगने पहुंचीं तो यहां पर एक महिला का गुस्सा फूट पड़ा। महिला ने कहा कि पीने के पानी की समस्या से आज तक निजात नहीं मिली है।
साधना सिंह ने जब प्रदेश में विकास की बात कही तो यह सुनना पड़ा.. जो मुख्यमंत्री पिछले 13 साल में अपने विधानसभा क्षेत्र बुधनी में पीने के पानी की व्यवस्था नहीं करा पाए वो मध्यप्रदेश को समृद्ध क्या बनाएंगे।
महिला ने कहा चुनाव के समय कहते हैं, सब होगा जबकि हम तो यहां प्यासे मर रहे हैं। जब साथ चल रहे कार्यकर्ता ने कहा कि शांति बनाए रखें, तो महिला बोली क्या शांति बनाए? उन्होंने हाथ जोड़कर साधना सिंह को चलता किया।
उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश में बीते 15 सालों से सत्ता पर काबिज भारतीय जनता पार्टी के भावी विधायक जहां भी जा रहे हैं, वहां उन्हें जनता के आक्रोश का सामना करना पड़ रहा है। प्रदेश में 28 नवम्बर को मतदान है और 11 दिसम्बर को नतीजों की घोषणा होगी।