Publish Date: Thu, 22 Nov 2018 (13:09 IST)
Updated Date: Thu, 22 Nov 2018 (13:12 IST)
लहार (भिंड)। मध्यप्रदेश के भिंड जिले की लहार विधानसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी के लिए सेंध लगा पाना बड़ी चुनौती है। कांग्रेस के डॉ. गोविन्द सिंह यहां 6 बार से विधायक हैं। इस बार भाजपा ने एक बार फिर उनके सामने रसाल सिंह को ही चुनावी मैदान में उतारा है। पिछले चुनाव में भी इन्हीं दोनों के बीच मुख्य मुकाबला था।
डॉ. सिंह का कहना है कि वे पांच वर्ष में एक बार नहीं बल्कि हर रोज चुनाव लड़ने में विश्वास रखते हैं और उनकी यही रणनीति उन्हें जनता के बीच लोकप्रिय बनाए हुए है। डॉ. सिंह पहली बार 1990 में जनता दल से विधायक बने और उसके बाद 1993 से लगातार अब तक कांग्रेस से विधायक बनते आ रहे हैं।
प्रदेश की स्थापना होने के बाद से अब तक लहार विधानसभा सीट पर 13 बार विधानसभा चुनाव हुए और इसमें 9 बार कांग्रेस का कब्जा रहा। 4 बार अन्य दल जीत दर्ज करा पाए। वर्ष 2013 के चुनाव में कांग्रेस को 53 हजार 12 और भाजपा प्रत्याशी को 46 हजार 739 मत मिले थे। इस विधानसभा क्षेत्र में कुल मतदाता 2 लाख 43 हजार 8 हैं, जिनमें से पुरुष मतदाताओं की संख्या एक लाख 33 हजार 897 और महिलाओं की संख्या एक लाख 9 हजार 111 है।