Publish Date: Wed, 16 Oct 2024 (11:56 IST)
Updated Date: Wed, 16 Oct 2024 (12:00 IST)
पूर्व कांग्रेस नेता बाबा सिद्दीकी (66) इस साल की शुरुआत में राकांपा में शामिल हुए थे। शनिवार रात को मुंबई के निर्मल नगर इलाके में उनके विधायक पुत्र जीशान सिद्दीकी के कार्यालय के बाहर तीन लोगों ने उन्हें रोका और गोली मार दी थी।
मामले में जांच कर रही मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने आरोपियों से पूछताछ के दौरान पाया कि संदिग्ध हमलावर शिवकुमार गौतम ने उत्तर प्रदेश में विवाह समारोहों में हर्ष फायरिंग के दौरान बंदूक चलाना सीखा था। गौतम अभी फरार है। कुर्ला में किराए के एक मकान में गौतम ने कश्यप और सिंह को बंदूक चलाने का प्रशिक्षण दिया जहां उन्होंने बंदूक (गोलियों के बगैर) चलाने का अभ्यास किया।
मामले में कथित सह-साजिशकर्ताओं में से एक शुभम लोनकर 24 सितंबर तक पुलिस की रडार पर था। अप्रैल में यहां सलमान खान के आवास के बाहर गोलीबारी की घटना के संबंध में लोनकर से जून में पूछताछ हुई थी क्योंकि इसमें लॉरेंस बिश्नोई गिरोह की संलिप्तता का संदेह था।
एक अधिकारी ने बताया कि शुभम लोनकर को जनवरी में महाराष्ट्र के अकोला जिले के अकोट थाने में दर्ज शस्त्र अधिनियम के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था, लेकिन बाद में उसे जमानत मिल गई थी। पुलिस ने उस मामले में दस से ज्यादा हथियार बरामद किए थे। यह पता चला कि शुभम लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल के संपर्क में था। तब से उस पर पुलिस की नजर थी लेकिन 24 सितंबर के बाद उसका कुछ पता नहीं चल पाया।
जांच के दौरान यह भी पता चला कि आरोपी एक दूसरे से संवाद के लिए स्नैपचैट और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया ऐप का इस्तेमाल करते थे। स्नैपचैट में एक सुविधा होती है जिसमें संदेश देख लिए जाने के बाद वे अपने आप डिलीट हो जाते हैं या खत्म हो जाते हैं। (भाषा)
Edited by : Nrapendra Gupta
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
Publish Date: Wed, 16 Oct 2024 (11:56 IST)
Updated Date: Wed, 16 Oct 2024 (12:00 IST)