Publish Date: Sun, 13 Oct 2024 (14:52 IST)
Updated Date: Sun, 13 Oct 2024 (15:38 IST)
baba siddique news in hindi : महाराष्ट्र में पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या से हड़कंप मच गया। इस घटना के बाद राज्य की सियासत गरमा गई। विपक्ष ने जहां महाराष्ट्र की कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर सवाल उठाया। भाजपा ने इस घटना को लेकर ओछी राजनीति करने के लिए विपक्षी दलों की आलोचना की। वहीं महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस मामले में सरकार की ओर से सफाई दी।
महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) और कांग्रेस ने रविवार को कहा कि पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या राज्य के लिए चौंकाने वाली और शर्मनाक है। उन्होंने दावा किया कि मुंबई में अराजकता व्याप्त है।
राकांपा (शरदचंद्र पवार) के महाराष्ट्र अध्यक्ष जयंत पाटिल ने पूछा कि जब सत्तारूढ़ गठबंधन का नेता ही सुरक्षित नहीं है तो सरकार आम आदमी को कैसे सुरक्षित रख सकती है? पाटिल ने एक बयान में कहा कि राज्य में इससे पहले भाजपा के विधायक ने पुलिस थाने में गोलीबारी की थी, जबकि एक पूर्व पार्षद की फेसबुक लाइव प्रसारण के दौरान हत्या कर दी गई थी। कांग्रेस ने सिद्दीकी की हत्या को लेकर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के इस्तीफे की मांग की। सिद्दीकी की हत्या राज्य के लिए चौंकाने वाली और शर्मनाक है।
उन्होंने कहा कि राज्य में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार जारी हैं, जबकि पुणे जैसे शहर में गैंगवार आम बात हो गई है। यह साफ हो गया है कि राज्य में कानून-व्यवस्था चरमरा गई है। अगर सत्तारूढ़ गठबंधन का नेता ही सुरक्षित नहीं है तो सरकार आम आदमी को कैसे सुरक्षित रख सकती है?
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि सिद्दीकी का दुखद निधन चौंका देने वाला है, जिसे शब्दों में भी बयां नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि दुःख की इस घड़ी में मैं उनके परिवार, मित्रों और समर्थकों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। उनके परिवार को न्याय मिलना चाहिए और वर्तमान महाराष्ट्र सरकार को इस घटना की गहन और पारदर्शी जांच का आदेश देना चाहिए। दोषियों को जल्द से जल्द सजा मिलनी चाहिए। जवाबदेही सर्वोपरि है।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महाराष्ट्र प्रभारी रमेश चेन्निथला ने दावा किया कि सिद्दीकी की हत्या से पता चलता है कि मुंबई में पूरी तरह अराजकता व्याप्त है। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि कानून का राज खत्म हो गया है। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री को जिम्मेदारी लेते हुए तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए।
महाराष्ट्र विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजय वडेट्टीवार ने कहा कि इस हत्या से साबित हो गया है कि राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। कांग्रेस नेता ने मुंबई पुलिस आयुक्त को लिखे पत्र में दावा किया कि सिद्दीकी को 15 दिन पहले जान से मारने की धमकी मिली थी और उनके हत्यारे 19 से 20 साल के हैं। उन्होंने कहा कि इसका साजिशकर्ता कौन है? कुछ दिन पहले एक फिल्म अभिनेता के घर के बाहर गोलीबारी हुई थी। क्या सिद्दीकी की हत्या और उस गोलीबारी के बीच कोई संबंध है?
शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत ने उपमुख्यमंत्री और राज्य के गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस के इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि अगर देवेंद्र फडणवीस इस्तीफा नहीं देते हैं तो राज्यपाल को उनका इस्तीफा मांगना चाहिए। राउत ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर पुलिस के कामकाज में हस्तक्षेप करने का आरोप लगाया और दावा किया कि फडणवीस कुछ नहीं कर सकते।
शिवसेना (यूबीटी) की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि सिद्दीकी पूर्व मंत्री और तीन बार विधायक रह चुके हैं। उन्होंने कहा कि सवाल यह है कि क्या मुंबई में कोई कानून-व्यवस्था बची है। यदि सुरक्षा प्राप्त व्यक्ति का ऐसा अंजाम होगा तो आम लोग कैसे सुरक्षित महसूस करेंगे?
राजनेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने मुंबई में राकांपा नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या पर दुख व्यक्त करते हुए रविवार को कहा कि इस घटना ने महाराष्ट्र में चरमराती कानून-व्यवस्था की स्थिति को उजागर कर दिया। उन्होंने कहा कि मैं उन्हें व्यक्तिगत रूप से जानता था क्योंकि वह बिहार के गोपालगंज जिले के मूल निवासी थे। अगर मुंबई जैसे शहर में, खासकर बांद्रा इलाके में ऐसी घटना हो सकती है तो फिर कहा जा सकता है कि वहां कोई भी सुरक्षित नहीं है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा कि बाबा सिद्दीकी एक शानदार इंसान थे। हम सभी को उनकी हत्या का बहुत दुख है। उनकी हत्या में शामिल दो लोगों को पकड़ लिया गया है जबकि इसमें लिप्त अन्य लोगों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र पुलिस सिद्दीकी की हत्या के मामले में शामिल किसी भी व्यक्ति को नहीं बख्शेगी। पूरा देश उनकी हत्या से दुखी है लेकिन विपक्षी नेता इस मुद्दे पर ओछी राजनीति कर रहे हैं।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि यह दुखद और गंभीर घटना है। बाबा सिद्दीकी से मेरी गहरी दोस्ती थी। इस तरह की घटना से हम सभी स्तब्ध हैं। इस मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जांच जारी है। आज आरोपियों की हिरासत मिलने के बाद पुलिस ब्रीफिंग करेगी। जो थ्योरी आ रही है, वह आधिकारिक नहीं है। कुछ एंगल देखे जा रहे हैं और जांच चल रही है...इतनी गंभीर घटना के बाद भी उन्हें (शरद पवार) सिर्फ सत्ता चाहिए।
मुंबई में बांद्रा के खेर नगर इलाके में बाबा सिद्दीकी के बेटे एवं विधायक जीशान सिद्दीकी के कार्यालय के बाहर शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे तीन लोगों ने उन्हें गोली मार दी थी। उन्हें लीलावती अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
इस बीच मुंबई पुलिस ने कहा कि उस सोशल मीडिया पोस्ट की प्रामाणिकता की जांच की जा रही है जिसमें लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के सदस्य ने महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या की जिम्मेदारी ली है।
Edited by : Nrapenrda Gupta
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
Publish Date: Sun, 13 Oct 2024 (14:52 IST)
Updated Date: Sun, 13 Oct 2024 (15:38 IST)