Publish Date: Thu, 21 Nov 2019 (08:38 IST)
Updated Date: Thu, 21 Nov 2019 (08:41 IST)
मुंबई। महाराष्ट्र में पिछले करीब 1 महीने से चल रही सियासी रस्साकशी के बीच बुधवार को कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के वरिष्ठ नेताओं की मैराथन बैठक के बाद दोनों पार्टियों ने ऐलान किया कि वे जल्द ही राज्य में शिवसेना के साथ मिलकर नई सरकर का गठन करेंगे।
इस बीच कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने कहा कि 'कांग्रेस और एनसीपी के नेता आज एक बार फिर अपने नेताओं के साथ बैठक करेंगे। 50-50 की तर्ज पर मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है यानी ढाई साल शिवसेना और ढाई साल एनसीपी का मुख्यमंत्री बन सकता है। पहले ढाई साल शिवसेना और बाद के ढाई साल एनसीपी का मुख्यमंत्री रहेगा।
उपमुख्यमंत्री का पद कांग्रेस को दिया जा सकता है। शिवसेना, कांग्रेस और एनसीपी के बीच 16:15:12 के फॉर्मूले से सत्ता में भागीदारी हो सकती है यानी मंत्रियों के 16 पद शिवसेना, 15 एनसीपी और 12 कांग्रेस को मिल सकते हैं।
विधानसभा स्पीकर का पद कांग्रेस के खाते में जाने की उम्मीद है। पहले खबर आ रही थी कि 5 साल के लिए कांग्रेस को शिवसेना का मुख्यमंत्री होने पर कोई ऐतराज नहीं है।