Publish Date: Mon, 26 Aug 2024 (19:28 IST)
Updated Date: Mon, 26 Aug 2024 (20:19 IST)
Madhya Pradesh Mohan Yadav Chanderi : मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारत के अंदर रहना है, तो राम-कृष्ण की जय कहना होगा। मुख्यमंत्री यादव सोमवार को अशोकनगर जिले के चंदेरी में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने चंदेरी मेंरोड शो भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 'सावधान.. जो यहां का खाता है, कहीं और का बजाता है, यह नहीं चलेगा। इसके बाहर कुछ नहीं है। हमारे देश के भीतर हम सब का सम्मान करना चाहते हैं, किसी का अपमान नहीं करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे यहां हिन्दू-मुस्लिम का भाव नहीं है। हमारे यहां परमात्मा को, सृष्टि को समझने वाले लोग चाहिए। रहीम, रसखान, यहां की माटी को जोड़कर चले, इसलिए हम आज भी उन्हें स्मरण करते हैं।'
घोषणाओं की झड़ी : मुख्यमंत्री ने स्थानीय विधायक की मांग पर चंदेरी के लिए घोषणाओं की झड़ी लगा दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि चंदेरी को पर्यटन की दृष्टि से तीर्थ नगरी घोषित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि लक्ष्मण मंदिर में गीता भवन भी बनाया जायेगा. साहसिक कार्य करने वाली चंदेरी की बेटी मुस्कान को मुख्यमंत्री ने चार लाख देने का ऐलान किया। मुख्यमंत्री ने बुनकर पार्क में हिन्दू और मुसलमानों के मिलजुल काम करने की मिसाल दी।
बुनकरों के लिए मुख्यमंत्री ने कई सौगात की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री भगवान कृष्ण का आशीर्वाद लेने के लिए चंदेरी पहुंचे थे। उन्होंने बुनकर पार्क पहुंचकर श्रमिकों से बातचीत की।