Publish Date: Sun, 17 Nov 2024 (22:59 IST)
Updated Date: Sun, 17 Nov 2024 (23:02 IST)
मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के दुगलई-कोद्दापर जंगल क्षेत्र की पहाड़ियों में आज नक्सल विरोधी अभियान के तहत सर्चिंग एवं ऑपरेशनल कार्रवाई के दौरान हॉक फोर्स के आरक्षक शिव कुमार शर्मा जवाबी कार्रवाई में नक्सलियों की गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार पुलिस पार्टी हॉक-फोर्स एसओजी उकवा पर कुन्दुल पहाड़ी जंगल क्षेत्र में स्पेशल ऑपरेशन के संचालन में सशस्त्र वर्दीधारी नक्सली, जिनकी संख्या 12 से 15 के बीच थी द्वारा पुलिस को देखकर फायरिंग की गयी। सर्चिंग एवं ऑपरेशनल कार्रवाई के दौरान हॉक फोर्स के आरक्षक शिव कुमार शर्मा नक्सलियों की गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल जवान को महाराष्ट्र के गोंदिया ले जाया गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुठभेड़ में गंभीर रूप से घायल आरक्षक शिव कुमार शर्मा के बेहतर उपचार के निर्देश दिए हैं। डॉ. यादव ने वरिष्ठ अधिकारियों को शर्मा के बेहतर उपचार के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि घायल जवान के इलाज पर व्यय होने वाली सम्पूर्ण राशि राज्य सरकार द्वारा दी जाएगी।
डॉ. यादव ने घायल जवान शर्मा का उपचार कर रहे डॉक्टरों से भी फोन पर बात की। डॉ यादव ने कहा कि कर्तव्य पर तैनात हॉक-फोर्स टीम के जवान शर्मा फायरिंग में गंभीर रूप से घायल हुए हैं। वर्तमान में महाराष्ट्र के गोंदिया में उनका उपचार चल रहा है।
मुख्यमंत्री ने साहसी आरक्षक शर्मा के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। नक्सल विरोधी अभियान में आज पुलिस पार्टी हॉक-फोर्स एसओजी उकवा पर कुन्दुल पहाड़ी जंगल क्षेत्र में स्पेशल ऑपरेशन के संचालन में सशस्त्र वर्दीधारी नक्सली जिनकी संख्या 12 से 15 के बीच थी, द्वारा पुलिस को देखकर फायरिंग की गई।
सुरक्षा बलों द्वारा भी अपनी जान की परवाह न करते हुए नक्सली दल पर जवाबी फायरिंग की गई। मौके से भाग खड़े हुए नक्सलियों की धरपकड़ के लिए सुरक्षा बलों द्वारा सघन सर्चिंग अभियान चल रहा है। थाना रूपझर में नक्सलियों के विरूद्ध विभिन्न धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया गया है।