Publish Date: Sat, 20 Jul 2019 (10:10 IST)
Updated Date: Sat, 20 Jul 2019 (10:15 IST)
भोपाल। मुख्यमंत्री कमलनाथ के खिलाफ विवादित टिप्पणी करने वाले भाजपा नेता सुरेंद्रनाथ सिंह को पार्टी ने कारण बताओ नोटिस भेजा है।
पार्टी ने भाजपा नेता से उनके बयान के बारे मे 15 दिन के अंदर जवाब मांगा है। इससे पहले भाजपा नेता को पुलिस ने गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। यहां देर शाम उनको जमानत मिल गई। गिरफ्तारी और कोर्ट से जमानत से फटकार मिलने के बाद भी सुरेंद्र नाथ सिंह के तेवर नरम नहीं पड़े हैं। उन्होंने अपने बयान पर माफी मांगने से इंकार कर दिया।
पार्टी सूत्र बताते हैं कि प्रदेश अध्यक्ष इस पूरे घटनाक्रम से नाराज बताए जा रहे हैं, वहीं इस पूरे घटनाक्रम को आने वाले समय में नगरीय निकाय चुनाव से भी जोड़कर देखा जा रहे हैं।
भोपाल नगर निगम पर इस वक्त भाजपा का कब्जा है। उसके महापौर आलोक शर्मा एक बार फिर उम्मीदवारी की दौड़ में शामिल हैं, वहीं दूसरी ओर विधानसभा चुनाव में हार का सामना करने वाले सुरेंद्र नाथ सिंह भी लगातार विरोध प्रदर्शन के जरिए अपनी दावेदारी ठोंक रहे हैं। ऐसे में इस पूरे मामले को लेकर पार्टी दो गुटों में बंटी हुई दिखाई दे रही है।