Publish Date: Mon, 07 May 2018 (18:39 IST)
Updated Date: Mon, 07 May 2018 (18:48 IST)
छतरपुर। दहेज के एक लाख रुपए न देने पर बारात बिना शादी किए बैरंग लौट गई। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट भी हुई।
मामला जिले के लवकुशनगर थाना क्षेत्र का है, जहां गिरधौरी गांव में शादी की खुशियां मातम में तब्दील हो गईं। दरअसल, दूल्हे और उसके परिजनों ने अचानक दहेज की मांग कर दी। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों में विवाद हो गया। फिर जमकर मारपीट भी हो गई।
जानकारी के मुताबिक गिरधौरी गांव के कुशवाहा परिवार में हरद्वार के सत्येंद्र कुशवाहा की बारात आई थी खुशियों के बीच अचानक दहेज का जिन्न जाग गया और रात 2 बजे दूल्हा और उसके परिजनों ने लड़की वाले से दहेज़ में एक लाख रुपए की मांग कर दी। वहीं लड़की वालों ने पैसे देने में असमर्थता जाहिर की तो इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहा-सुनी हो गई और दूल्हा, बाराती और लड़की वाले आपस में भिड़ गए।
इस बीच, दोनों पक्षों के बीच जमकर जूतमपैजार भी हुई। इस विवाद में दूल्हे की भी पिटाई हो गई। इतना सब होने के बाद बारात बिना दुल्हन के लौट गई। इसके बाद मामला लवकुश नगर थाने पहुंचा जहां दोनों पक्षों के बीच लोगों ने समझौता कराने की कोशिश की, लेकिन दूल्हा और उसके परिजन नहीं माने। आखिरकार दूल्हा सत्येंद्र उर्फ पवन कुशवाहा सहित चार लोगों पर पुलिस ने आईपीसी की विभिन्न धाराओं सहित दहेज एक्ट का प्रकरण दर्ज कर लिया।
इतना सब होने के बाद लड़की और उसके परिवार वालों का रो-रो कर बुरा हाल है, जहां पहले शादी की खुशियां थीं अब वहां मातम पसरा हुआ है।