Publish Date: Fri, 17 Nov 2023 (08:11 IST)
Updated Date: Fri, 17 Nov 2023 (09:39 IST)
Indore election news : इंदौर के राऊ विधानसभा क्षेत्र में गुरुवार देर रात भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हुए चुनावी विवाद के बाद भंवरकुआं थाने के बाहर जुटकर हंगामा कर रहे लोगों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े।
भाजपा उम्मीदवार मधु वर्मा का आरोप है कि कांग्रेस के कार्यकर्ता राऊ विधानसभा क्षेत्र में चुनावी काम कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं को धमका रहे थे जिससे विवाद हुआ।
उधर, शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत सिंह चड्ढा ने आरोप लगाया कि राऊ विधानसभा क्षेत्र में मतदान से पहले भाजपा कार्यकर्ता लोगों को शराब, कम्बल और पाजेब बांट रहे थे।
उन्होंने दावा किया कि ये चीजें बांटे का विरोध करने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक कांग्रेस नेता पर हमला कर उसे घायल कर दिया।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विवाद के मामले में उचित कानूनी कार्रवाई की जा रही है।