Publish Date: Sun, 17 Jun 2018 (00:10 IST)
Updated Date: Sun, 17 Jun 2018 (00:21 IST)
ग्रास आइलेट (सेंट लूसिया)। गेंद से छेड़छाड़ से जुड़े विवाद के कारण शनिवार को विंडीज और श्रीलंका के बीच दूसरा टेस्ट मैच एक समय अधर में लटक गया था। अंपायरों की गेंद बदलने की मांग से नाराज श्रीलंका ने खेल के तीसरे दिन शनिवार को यहां मैदान पर उतरने से इंकार कर दिया लेकिन आखिर में निर्धारित समय से 2 घंटे बाद खेल शुरू हो गया।
अंपायर अलीम डार और इयान गाउल्ड उस गेंद की स्थिति से संतुष्ट नहीं थे जिसका उपयोग दूसरे दिन के खेल के आखिर में किया गया था। श्रीलंकाई टीम से कहा गया कि वे उसी गेंद से खेल आगे शुरू नहीं कर सकते।
इसके बाद श्रीलंकाई कप्तान दिनेश चांदीमल की अगुवाई में टीम ने मैदान पर उतरने से इंकार कर दिया। विंडीज को श्रीलंका के 253 रनों के जवाब में अपनी पहली पारी 2 विकेट पर 118 रन से आगे बढ़ानी थी। (भाषा)