Publish Date: Mon, 04 Dec 2017 (22:48 IST)
Updated Date: Mon, 04 Dec 2017 (22:51 IST)
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड दुनिया के सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड में से एक है और अब जल्द ही उसकी राष्ट्रीय टीम के खिलाड़ी वेतन के मामले में सबसे अमीर क्रिकेटर्स बन सकते हैं।
बीसीसीआई का संचालन कर रही प्रशासकों की समिति (सीओए) और भारतीय टीम प्रबंधन के बीच खिलाड़ियों के वेतन और मैचों के कार्यक्रम को लेकर हाल ही में सहमति बनी थी। भारतीय कप्तान विराट कोहली, पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और टीम के प्रमुख कोच रवि शास्त्री ने सीओए के अध्यक्ष विनोद राय से खिलाड़ियों के वेतन को लेकर गत गुरुवार को मुलाकात की थी।
बैठक में विराट और धोनी दोनों ने खिलाड़ियों के वेतन में बढ़ोतरी करने की मांग की थी। सीओए और भारतीय टीम प्रबंधन के बीच बैठक में इस बात पर जोर दिया गया था कि ऑस्ट्रेलिया इंग्लैंड के कप्तानों को 20 लाख ऑस्ट्रेलियन डॉलर (12 करोड़ रुपए) वार्षिक मिलते हैं। ऐसे में भारतीय टीम और उसके खिलाड़ियों के प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें इतना ही वेतन मिलना चाहिए।
रिपोर्टों के अनुसार, भारतीय क्रिकेट खिलाड़ियों को अब जल्द ही बढ़े हुए वेतन मिल सकते हैं। इनमें ए ग्रेड के खिलाड़ियों को साल के लगभग 12 करोड़ रुपए, बी ग्रेड के खिलाड़ियों को साल के लगभग आठ करोड़ रुपए और सी ग्रेड के खिलाड़ियों को लगभग चार करोड़ वार्षिक वेतन मिल सकता है।
मौजूदा अनुबंध के अनुसार, भारत के ए ग्रेड के खिलाड़ियों (विराट, पुजारा, अश्विन) को साल में दो करोड़ रुपए मिलता है। वहीं बी ग्रेड के खिलाड़ियों को एक करोड़ रुपए वार्षिक और सी ग्रेड के खिलाड़ियों को 50 लाख रुपए वार्षिक दिया जाता है। (वार्ता)
webdunia
Publish Date: Mon, 04 Dec 2017 (22:48 IST)
Updated Date: Mon, 04 Dec 2017 (22:51 IST)