Publish Date: Fri, 15 Jun 2018 (17:23 IST)
Updated Date: Fri, 15 Jun 2018 (17:26 IST)
नई दिल्ली। सरकार ने जून के दूसरे पखवाड़े के लिए सोने का आयात शुल्क मूल्य 2 डॉलर घटा दिया है जबकि चांदी का आयात शुल्क मूल्य 17 डॉलर बढ़ा दिया है। आयात शुल्क मूल्य या टैरिफ वैल्यू वह कीमत है जिसके आधार पर सरकार दोनों कीमती धातुओं पर सीमा शुल्क लगाती है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार सोने का आयात शुल्क मूल्य 419 डॉलर से घटाकर 417 डॉलर प्रति 10 ग्राम किया गया है जबकि चांदी का 528 डॉलर से बढ़ाकर 545 डॉलर प्रति किलोग्राम कर दिया गया है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में शुक्रवार को सोना हाजिर 3 डॉलर फिसलकर 1,299.70 डॉलर प्रति औंस रह गया। अगस्त का अमेरिकी सोना वायदा भी 4.3 डॉलर लुढ़ककर 1,304 डॉलर प्रति औंस पर रहा। चांदी हाजिर 0.02 डॉलर की तेजी के साथ 17.17 डॉलर प्रति औंस के भाव बिकी। (वार्ता)