Publish Date: Wed, 03 Jan 2018 (17:43 IST)
Updated Date: Wed, 03 Jan 2018 (19:11 IST)
नई दिल्ली। वैश्विक स्तर पर पीली धातु में गिरावट के बीच गुरुवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना पांच सप्ताह के उच्चतम स्तर 30450 रुपए प्रति दस ग्राम पर स्थिर रहा। औद्योगिक मांग आने से चांदी 150 रुपए चमककर 39850 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।
विदेशों में शुरुआती तेजी के बाद सोने पर दबाव रहा। सोना हाजिर 5.35 डॉलर लुढ़ककर 1,314.55 डॉलर प्रति औंस रह गया। इससे पहले एशियाई कारोबार के दौरान एक समय यह 1,321.33 डॉलर प्रति औंस के साढ़े महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था। फरवरी का अमेरिकी सोना वायदा 0.10 डॉलर की गिरावट में 1,316 डॉलर प्रति औंस पर रहा।
दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं की तुलना में डॉलर में सुधार से पीली धातु बाद में दबाव में आ गई। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में चांदी हाजिर भी 0.07 डॉलर टूटकर 17.09 डॉलर प्रति औंस रह गई। (वार्ता)