Publish Date: Sun, 31 Mar 2019 (14:41 IST)
Updated Date: Sun, 31 Mar 2019 (14:46 IST)
मोहाली। मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा के लिए किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ मुकाबला दोहरी निराशा वाला रहा। जहां टीम को न सिर्फ 8 विकेट से शिकस्त झेलनी पड़ी, वहीं उन पर धीमे ओवर रेट के लिए 12 लाख रुपए का भारी-भरकम जुर्माना भी लगाया गया है।
3 बार की आईपीएल चैंपियन मुंबई का मोहाली में मैच निर्धारित समय 4 बजे शुरू
हुआ था लेकिन तय समय 7 बजकर 30 मिनट से लंबा चला। इंडियन प्रीमियर लीग ने आधिकारिक बयान में इसकी जानकारी दी है। रोहित का आईपीएल-12 सत्र में यह पहला अपराध है।
बयान में कहा गया कि आईपीएल के आचार संहिता नियम धीमे ओवर रेट के संबंध में यह टीम मुंबई इंडियंस का इस सत्र में पहला अपराध है इसलिए उसके कप्तान रोहित पर 12 लाख रुपए का जुर्माना लगाया जाता है। मुंबई ने मैच में 7 विकेट पर 176 रन का स्कोर बनाया था लेकिन रविचंद्रन अश्विन की कप्तानी वाली टीम ने अपने घरेलू मैदान पर 18.4 ओवर में केवल 2 विकेट के नुकसान पर 177 रन बनाकर आसान जीत अपने नाम कर ली। (वार्ता)