Publish Date: Wed, 01 May 2019 (20:54 IST)
Updated Date: Wed, 01 May 2019 (20:56 IST)
मुंबई। कीरोन पोलार्ड खुद करारे शॉट लगाने पर भरोसा रखते हैं और उन्होंने बुधवार को मुंबई इंडियंस के अपने साथी हार्दिक पांड्या के छक्के जड़ने की कला की तारीफ करते हुए कहा कि इस ऑलराउंडर में काफी प्रतिभा है।
पोलार्ड ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुंबई इंडियंस के आईपीएल मैच की पूर्व संध्या पर पांड्या के बारे में कहा, वह छरहरे बदन के हैं लेकिन लंबे शॉट लगाते हैं। अगर वह अच्छी तरह अभ्यास करना जारी रखते हैं और क्रिकेटर के तौर पर खुद में सुधार करते हैं तो आप उन्हें मुंबई इंडियंस के लिए ही नहीं, बल्कि भारतीय क्रिकेट के लिए भी अच्छा खेलता हुआ देखेंगे।
पांड्या ने अभी तक 12 मैचों में 355 रन बनाए हैं, जिसमें 27 छक्के और 25 चौके शामिल है। उन्होंने ज्यादातर रन पारी के अंतिम क्षणों में बनाए हैं और अंतिम बार उन्होंने ईडन गार्डंस में कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ 34 गेंद में 91 रन की आक्रामक पारी खेली थी।
पोलार्ड ने कहा कि हार्दिक कुछ अलग अभ्यास नहीं कर रहे हैं। यह अपनी काबिलियत पर भरोसा रखने की बात है। निश्चित रूप से वह जिस तरह की स्थिति में होते हैं तो वहां गेंद को हिट करने के अलावा कोई विकल्प नहीं होता और उन्होंने अपना पावर-गेम भी दिखाया है, इसलिए यह उनके लिए अच्छा है। मुंबई इंडियंस के लिए कुछ मैचों में उन्होंने बड़े शॉट से मैच का अंत किया।