Publish Date: Tue, 30 Apr 2019 (23:28 IST)
Updated Date: Wed, 01 May 2019 (01:14 IST)
बेंगलुरु। लेग स्पिनर श्रेयस गोपाल (12 रन पर 3विकेट) की शानदार हैट्रिक के बावजूद राजस्थान रॉयल्स की वर्षा बाधित आईपीएल-12 मुकाबले में मंगलवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के खिलाफ उम्मीदें डूब गई। मैच बारिश के कारण रद्द रहा और दोनों टीमों को 1-1 अंक मिला। आरसीबी की टीम प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई है।
बेंगलोर ने निर्धारित 5 ओवर में 7 विकेट पर 62 रन बनाए जबकि राजस्थान ने 3.2 ओवर में 1 विकेट पर 41 रन बनाए थे कि फिर तेज बारिश आ जाने के कारण मैच रद्द कर देना पड़ा। राजस्थान के 13 मैचों से 11 अंक हो गए हैं और टीम प्लेऑफ की होड़ से लगभग बाहर हो गई है।
मैच में निर्धारित समय पर टॉस हो गया था और राजस्थान ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया था लेकिन इसके बाद तेज बारिश आ गई और खेल लगभग साढ़े 3 घंटे तक रुका रहा। आखिर रात 11.26 बजे मैच शुरू हुआ और ओवरों की संख्या 5-5 ओवर कर दी गई।
विराट कोहली और एबी डिविलियर्स बल्लेबाजी करने उतरे। विराट ने स्ट्राइक संभाली और गेंद तेज गेंदबाज वरुण आरोन के हाथों में थी। विराट ने वरुण की पहली 2 गेंदों पर छक्के जड़ दिए। पहला छक्का लांग ऑफ पर और दूसरा छक्का थर्डमैन पर पड़ा।
विराट ने तीसरी गेंद पर सिंगल लिया जबकि डिविलियर्स ने चौथी गेंद को विकेट के पीछे चौके के लिए निकाल दिया। डिविलियर्स ने पांचवीं गेंद पर दो रन लिए और छठी गेंद पर चौका मार दिया। पहले ओवर में 23 रन पड़े।
दूसरा ओवर डालने आए लेग स्पिनर श्रेयस गोपाल और विराट ने पहली ही गेंद को लांग ऑन के ऊपर छक्के के लिए उठा दिया। दूसरी गेंद पर मिड ऑफ पर चौका पड़ा और तीसरी गेंद पर विराट ने 2 रन लिए। लेकिन चौथी गेंद पर विराट ने लियाम लिविंगस्टोन को कैच थमा दिया। विराट ने 7 गेंदों पर 25 रन में 1 चौका और 3 छक्के लगाए।
गोपाल ने अगली गेंद पर डिविलियर्स का विकेट भी ले लिया। डिविलियर्स ने चार गेंदों पर 10 रन में दो चौके लगाए। बेंगलुरु ने अपने दोनों ओपनरों को 35 के स्कोर पर गंवा दिया। गोपाल ने आखिरी गेंद पर मार्कस स्टॉयनिस को कप्तान स्टीवन स्मिथ के हाथों कैच कराकर अपनी हैट्रिक पूरी कर ली। दो ओवर के बाद बेंगलुरु का स्कोर तीन विकेट पर 35 रन था।
5 ओवर के इस मुकाबले में एक गेंदबाज को 1 ही ओवर मिलना था और इसी ओवर में गोपाल ने हैट्रिक पूरी कर ली। गोपाल इसके साथ ही राजस्थान के लिए हैट्रिक लेने वाले चौथे गेंदबाज बन गए। गोपाल साथ ही आईपीएल में पहले ऐसे गेंदबाज बन गए, जिसने विराट और एबी को तीन बार आउट किया।
webdunia
Publish Date: Tue, 30 Apr 2019 (23:28 IST)
Updated Date: Wed, 01 May 2019 (01:14 IST)