Publish Date: Sat, 20 Mar 2021 (18:51 IST)
Updated Date: Sat, 20 Mar 2021 (18:55 IST)
- महिला ने 38 हजार फीट की ऊंचाई पर बच्चे को दिया जन्म
-
जयपुर पहुंचने से पहले फ्लाइट में बढ़ी यात्रियों की संख्या
-
सोशल मीडिया पर वायरल हुई महिला की डिलीवरी की खबर
बेंगलुरु में ऑटो रिक्शा ड्राइवर भैरो सिंह अपनी पत्नी ललिता के साथ राजस्थान के ब्यावर कस्बे में स्थित अपने गांव जाली रूपावास जा रहे थे। ललिता प्रेगनेंट थीं और डॉक्टर ने एक महीने का समय देते हुए फ्लाइट से यात्रा करने की इजाजत दी थी। पति-पत्नी इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट से बुधवार को जयपुर जा रहे थे, तभी रास्ते में ललिता को लेबर पेन शुरू हो गया। यह खबर सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है।
ललिता का लेबर पेन शुरू होते ही क्रू मेंबर्स अलर्ट हो गए थे। बेंगलुरु से जयपुर आ रही उसी फ्लाइट में एक महिला डॉक्टर यात्री थीं, जिनकी मदद से ललिता की डिलीवरी करवाई गई। उस समय फ्लाइट 38000 फीट की ऊंचाई पर थी।
सोशल मीडिया में इस बात की चर्चा है कि बेंगलुरु एयरपोर्ट से उड़ान भरते समय फ्लाइट में 116 यात्री सवार थे। जयपुर एयरपोर्ट पहुंचने से पहले बच्चे के जन्म से यात्रियों की संख्या 117 हो गई। डिलीवरी के बाद फ्लाइट में खुशी की लहर दौड़ गई थी और एयरलाइंस ने अपना स्टेटमेंट जारी कर इस खुशखबरी की सूचना दी थी।