Publish Date: Thu, 10 Sep 2026 (19:01 IST)
Updated Date: Thu, 10 Sep 2026 (19:04 IST)
इंदौर के साउथ तुकोगंज स्थित शहर की प्रमुख व्यावसायिक इमारत अपोलो टावर पर नगर निगम ने बड़ा एक्शन लिया है। फायर सेफ्टी नियमों में कमियां दूर नहीं करने पर निगम की टीम बिल्डिंग को सील करने पहुंची। कार्रवाई की खबर मिलते ही टावर में संचालित दुकानों और ऑफिसों में अफरा-तफरी मच गई। अपोलो टावर में 600 से ज्यादा दुकानें और ऑफिस संचालित होते हैं।
बेजुबानों को अंदर कैद किया : लेकिन इसे सील करने के दौरान नगर निगम की टीम में बेजुबान जानवरों के साथ एक अमानवीय क्रूरता कर डाली। टीम ने मॉल को सील करते वक्त यह ध्यान ही नहीं रखा कि अंदर कुछ कुत्ते रह गए हैं। यह देखे बगैर ही बाहर से ताला लगा दिया गया और कुत्तों को अंदर कैद कर दिया गया। बुधवार को यह मॉल सील किया गया था, तब से कुत्ते भूखे- प्यासे अंदर ही बंद हैं।
बाद में कुछ लोगों की जब इस घटना पर नजर पडी तो उन्होंने फोटो और वीडियो कैप्चर कर के इसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। फोटो और वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में इसे लेकर जमकर आक्रोश है। वे कह रहे हैं कि नगर निगम के कर्मचारियों को क्या इतना भी पता नहीं कि मॉल सील करते हुए अंदर बेजुबान जानवर अंदर रह गए है। यह अमानवीयता है।
बता दें कि नगर निगम ने अपोलो टावर प्रबंधन को करीब तीन महीने पहले फायर सेफ्टी से जुड़ी कमियों को दूर करने का नोटिस जारी किया गया था। नोटिस में बिल्डिंग की सुरक्षा व्यवस्था को निर्धारित मानकों के मुताबिक करने के निर्देश दिए गए थे। निगम का कहना है कि तय समय बीतने के बावजूद जरूरी सुधार नहीं किए गए, जिसके बाद अब सीलिंग की कार्रवाई शुरू की गई है।
टीम पहुंचते ही मचा हड़कंप : फायर सेफ्टी को लेकर अपोलो टावर में कार्रवाई के लिए नगर निगम की टीम के पहुंचते ही दुकानदारों और ऑफिस संचालकों में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में लोग अपने प्रतिष्ठानों को बंद करने में जुट गए। अचानक हुई कार्रवाई के बीच टावर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कारोबारी अपना सामान समेटते नजर आए।
600 से ज्यादा दुकानें और ऑफिस पर असर : अपोलो टावर में 600 से अधिक दुकानें और ऑफिस संचालित होते हैं। पूरी बिल्डिंग पर सीलिंग की कार्रवाई होने से यहां कारोबार करने वाले सैकड़ों लोगों का काम प्रभावित हुआ है। कार्रवाई शुरू होने के बाद दुकानदारों ने अपने स्तर पर प्रतिष्ठान बंद किए और जरूरी सामान बाहर निकालने की कोशिश की।