Publish Date: Sat, 01 Aug 2026 (18:30 IST)
Updated Date: Sat, 01 Aug 2026 (18:38 IST)
- कार्रवाई के दौरान बैज नहीं लगाते पुलिसकर्मी, धमकी देते, वीडियो बनाते है
-
शुक्रवार रात परिवार के साथ जा रहे वाहन चालकों को किया परेशान
-
पहले भी मिलती रही हैं शिकायतें, आला अधिकारी क्यों नहीं लेते संज्ञान?
पुलिस का काम है कि रात को पीकर वाहन चलाने वालों को रोके, उनकी जांच करे और जांच में नशा मिले तो नियमानुसार कार्रवाई करे। लेकिन ड्रिंक एंड ड्राइव के कुछ मामलों में तो उल्टी ही बात सामने आ रही है। राऊ से इंदौर और इंदौर से राऊ की तरफ जाने वाले कुछ वाहन चालकों ने पुलिस पर ही आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि इस रूट पर वाहन चालकों पर कार्रवाई करने वाली पुलिस खुद ही पी हुई प्रतीत हो रही है।
इसके साथ ही पुलिसकर्मियों पर लोग धमकी देकर ऑन द स्पॉट सैटिंग करने के भी आरोप लगा रहे हैं। बता दें कि यह पहली बार नहीं है, पहले भी ड्रिंक एंड ड्राइव कार्रवाई के दौरान पुलिस पर इस तरह के आरोप लगते रहे हैं। इस बारे में चर्चा करने के लिए राऊ थाना टीआई राजपाल सिंह राठौर को दो बार फोन किया गया, उन्होंने कॉल नहीं उठाया और मैसेज में मीटिंग में होने की बात कहकर बाद में बात करने के लिए कहा, हालांकि उन्होंने कॉल बैक नहीं किया और न ही दोबारा कॉल उठाया।
पुलिस खुद पीए हुए लगती है : शुक्रवार की रात को ही इस रूट पर पुलिस को लेकर कुछ ऐसी ही बातें सामने आई हैं। लोगों का कहना है कि रात करीब 11: 30 से लेकर 12 बजे की बीच पुलिस ने कई वाहन चालकों को रोका। उन्होंने बताया कि कुछ पुलिसकर्मियों ने धमकी दी। उन्होंने बताया कि पुलिसकर्मी खुद ही पीए हुए लग रहे थे, ऐसे में उन्हें वाहन चालक भी पीए हुए लग रहे थे, जबकि उन्होंने किसी तरह का नशा नहीं किया था। उन्होंने बताया कि नहीं पीने वालों को और परिवार के साथ सैर सपाटे पर निकले या डिनर कर के आ रहे परिवारों को भी परेशान किया जा रहा है।
धमकीभरे लहजे में कार्रवाई : एक परिचित ने वेबदुनिया को बताया कि वे इंदौर से राऊ जा रहे थे, रास्ते में पुलिस ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ चेकिंग कर रही थी, उन्हें भी रोका गया, जब वे नीचे उतरकर जांच के लिए पहुंचे तो पुलिसकर्मी खुद नशे में प्रतीत हो रहा था। उनके बात करने के तरीके और धमकीभरे लहजे से मुझे तो वे पिए हुए लग रहे थे, उन्होंने बताया कि कई लोग मेरे पहचान के यहां से गुजरे थे, जिन्हें रोका गया और जबरन धमकी और चेतावनी वाले लहजे में बात की गई।
बैज नहीं लगाते, वीडियो बनाते हैं : कार्रवाई करने के दौरान प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मी बैज भी नहीं लगाते हैं, इससे पता ही नहीं चलता कि उनका नाम और पद क्या और उनका बैच नंबर क्या है। इसके साथ ही ज्यादातर पुलिसकर्मी कार्रवाई के दौरान मोबाइल से वीडियो बनाते हैं और कार्रवाई की बात करते हैं।
ऑन-स्पॉट "सेटिंग" के आरोप : इंदौर पुलिस द्वारा ड्रिंक एंड ड्राइव (नशे में गाड़ी चलाना) चेकिंग के दौरान अवैध वसूली के आरोपों की घटनाएं और शिकायतें समय-समय पर सोशल मीडिया और स्थानीय समाचारों के माध्यम से सामने आती रही हैं। ऐसे मामलों में वाहन चालकों और पुलिसकर्मियों के बीच विवाद के वीडियो भी अक्सर वायरल होते हैं, जिनमें ऑन-स्पॉट "सेटिंग" या पैसे के लेनदेन के आरोप लगाए जाते हैं। हालांकि, आधिकारिक तौर पर पुलिस इन अभियानों को सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए की गई "वैधानिक चालानी कार्रवाई" बताती है। लेकिन इसकी आड में कई ऐसे लोग भी परेशान हो रहे हैं, जिनका नशे से कोई लेना-देना नहीं है।
मीटिंग में हूं, बाद में कॉल करता हूं : बता दें कि इंदौर- राऊ मार्ग पर कुछ स्थानों पर कुछ पुलिसकर्मी आए दिन ड्रिंक एंड ड्राइव के नाम पर वसूली करते हैं। पहले भी कई लोगों ने इसे लेकर शिकायतें की थी। इस बारे में चर्चा करने के लिए वेबदुनिया ने राऊ टीआई राजपाल सिंह राठौर को दो बार कॉल किया, उन्होंने मीटिंग में होने की बात कहकर बाद में बात करने के लिए कहा। इसके बाद उन्होंने हमसे संपर्क नहीं किया।