Publish Date: Mon, 07 Sep 2026 (17:16 IST)
Updated Date: Mon, 07 Sep 2026 (17:19 IST)
इंदौर नगर निगम में उपचुनाव को लेकर एक नया विवाद सामने आया है, जिसके बाद ये चुनाव फिलहाल स्थगित कर दिए गए हैं। दरअसल, मतदाता सूची में गड़बड़ी की शिकायत के बाद यह विवाद सामने आया है, जिसके बाद यह विवाद आयोग तक पहुंच गया है।
दरअसल, इंदौर में नगर निगम के वार्ड 58 और 60 के उपचुनाव फिलहाल स्थगित कर दिए गए हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची में गड़बड़ी की शिकायत और प्रशासन-पुलिस की रिपोर्ट के बाद यह फैसला लिया है। आयोग के मुताबिक मौजूदा मतदाता सूची के आधार पर चुनाव कराने पर कानून-व्यवस्था पर असर होने की पूरी आशंका है।
नई तारीख तय की जाएगी : अब दोनों वार्डों की मतदाता सूची की जांच और मौके पर जाकर भौतिक सत्यापन कराया जाएगा। यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही उपचुनाव की नई तारीख तय की जाएगी। मतदाता सूची को लेकर शिकायत मिलने के बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने इंदौर जोन-1 के डीसीपी से रिपोर्ट मांगी थी। रिपोर्ट में तय चुनाव कार्यक्रम के अनुसार मतदान कराने पर कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका जताई गई।
इसके बाद आयोग ने दोनों वार्डों की मतदाता सूची की जांच कराने का फैसला लिया और फिलहाल चुनाव स्थगित कर दिए। वार्ड 58 और 60 की मतदाता सूची का दोबारा सत्यापन कराया जाएगा। टीम मौके पर जाकर मतदाताओं के नाम और सूची में दर्ज जानकारी की जांच करेगी।
पूरी प्रक्रिया की निगरानी के लिए एक सेवानिवृत्त IAS अधिकारी को प्रेक्षक नियुक्त किया जाएगा। मतदाता सूची की जांच और जरूरी सुधार के बाद दोनों वार्डों के उपचुनाव की नई तारीख तय होगी। वार्ड 60 का उपचुनाव पहले ही हाईकोर्ट के आदेश के चलते रुक चुका था। अब वार्ड 58 का चुनाव भी स्थगित होने से दोनों वार्डों की चुनाव प्रक्रिया फिलहाल रोक दी गई है।