Publish Date: Mon, 02 Jul 2018 (14:16 IST)
Updated Date: Mon, 02 Jul 2018 (14:18 IST)
तोक्यो। जापान की टीम ने मौजूदा विश्व कप में उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन किया है लेकिन कोच अकिरा निशिनो ने स्वीकार किया कि टीम एक चीज का अभ्यास नहीं करती और वह है पेनल्टी।
निशिनो का बयान उस समय आया है जब रूस और क्रोएशिया ने पेनल्टी शूटआउट में अपने अपने प्रतिद्वंद्वियों को हराकर रविवार को क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
निशिनो ने रूस में कहा, ‘‘एक टीम के रूप में हमने कभी पेनल्टी किक का अभ्यास नहीं किया।’’ उन्होंने कहा कि मुझे नहीं लगता कि पेनल्टी शूटआउट का अभ्यास करना असल में उपयोगी होता है।
निशिनो का मानना है कि वास्तविक पेनल्टी स्थिति में खिलाड़ियों पर होने वाले दबाव को तैयार करना असंभव होता है। उन्होंने कहा, ‘‘जो व्यक्तिगत खिलाड़ी इसके लिए तैयार रहना चाहते हैं वह स्वयं अभ्यास कर सकते हैं लेकिन एक टीम के रूप में नहीं।’’ (भाषा)